ऋषिकेश बैंक में लाखों रुपये गबन करने वाला आरोपी विकासनगर से गिरफ्तार
ऋषिकेश की कोतवाली पुलिस ने उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के खाताधारकों के 12 लाख 31 हजार रु. गबन करने के आरोपी दीपक बढ़ई को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खाताधारकों से राशि एकत्रित की, लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं किया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

ऋषिकेश। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में खाताधारकों के लाखों रुपये गबन करने के मामले में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी दीपक बढ़ई को विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि बीती 24 मई को उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सचिव एसएस राणा ने कोतवाली ऋषिकेश में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्यरत दीपक बढ़ई ने विभिन्न तिथियों में खाताधारकों से बैंक में जमा करने के लिए 12 लाख 31 हजार एकत्र किए, लेकिन उन्हें बैंक खाते में जमा न करके गबन कर लिया।
शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। आज त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार की टीम ने मुखबीर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया है। गबन की गई धनराशि के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


