खेल : पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी, कुलदीप लखनऊ से जुड़े
ऋषभ पंत ने आईपीएल 2025 और 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद दिल्ली कैपिटल्स में वापसी की है। उन्हें 12 करोड़ रुपये की कटौती का सामना करना पड़ा है। कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स में चले गए हैं। हार्दिक पांड्या के लिए भी ट्रेड की चर्चा हो रही है।

दो साल एलएसजी में बिताने के बाद फिर दिल्ली की टीम में शामिल, कलाई के स्पिनर यादव पिछले सत्र में सिर्फ दस विकेट ही ले सके थे पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी, कुलदीप लखनऊ से जुड़े
आईपीएल
269 रन पंत ने 2025 सत्र में 14 मैचों में बनाए
312 रन 2026 में जुटाए, एक ही अर्धशतक जड़ा
नई दिल्ली, एजेंसी। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान के तौर पर दो खराब सत्र खेलने के बाद ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स की टीम में वापसी हो रही है। हालांकि इसके लिए उन्हें वेतन में 12 करोड़ रुपये की भारी कटौती का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव 13.50 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर दिल्ली कैपिटल्स से लखनऊ सुपर जायंट्स में चले गए।
खराब रहा प्रदर्शन
दिल्ली कैपिटल्स के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव के साथ हुई एक ‘हाई-प्रोफाइल ट्रेड’ (बड़े खिलाड़ियों की अदला-बदली) में पंत 15 करोड़ रुपये में अपनी पुरानी फ्रेंजाइजी में वापस आ गए हैं। एलएसजी ने आईपीएल 2025 से पहले हुई बड़ी नीलामी में उन्हें 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में खरीदा था, जो लीग के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी रकम थी, लेकिन पंत का प्रदर्शन कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर निराशाजनक रहा।
नौ साल खेले थे
पंत के लिए यह ट्रेड घर वापसी जैसी है। उन्होंने 2016 से 2024 के बीच दिल्ली कैपिटल्स के लिए 111 मैच खेले थे। नीलामी में जाने से पहले तक वह इसी टीम का हिस्सा थे। वह 2021 से 2024 तक टीम के कप्तान भी रहे और इस दौरान 43 मैचों में दिल्ली का नेतृत्व किया।
लखनऊ सुपर जायंट्स उनकी कप्तानी में आईपीएल 2025 में छह जीत और आठ हार के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही। वहीं आईपीएल 2026 का प्रदर्शन और भी खराब रहा। टीम 10 टीमों की लीग में सबसे निचले स्थान पर रही। टीम को 14 मैचों में सिर्फ चार जीत मिलीं और वह आठ अंकों के साथ तालिका में आखिरी स्थान पर रही।
दूसरी ओर, कुलदीप यादव ने आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स से दिल्ली कैपिटल्स में आने के बाद 65 मैचों में 72 विकेट लिए थे। लेकिन आईपीएल 2026 उनके लिए भी साधारण रहा। कुलदीप ने इस सत्र में 14 मैचों में केवल 10 विकेट ही लिए और उनका इकॉनमी रेट 10.30 रन प्रति ओवर रहा।
नाइट राइडर्स और रॉयल्स ने पांड्या में दिलचस्पी दिखाई
नई दिल्ली। हार्दिक पांड्या और मुंबई इंडियंस अलग होने की तैयारी में हैं। आईपीएल की पांच बार की चैंपियन टीम को संभावित ट्रेड के लिए कम से कम दो प्रस्ताव मिले हैं। ये शाहरुख खान के सहस्वामित्व वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स की ओर से आए हैं।
एक सूत्र ने बताया कि नाइट राइडर्स के शीर्ष प्रबंधन और मुंबई इंडियंस के मालिकों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर कई बार बातचीत हुई है। सूत्र ने बताया, अजिंक्य रहाणे केकेआर के लिए हमेशा से एक कामचलाऊ व्यवस्था थे और इस सत्र के बाद उन्हें रिलीज किया जाना तय था। यह तय है कि अगर पांड्या नकद करार या खिलाड़ी की अदला-बदली से केकेआर में जाते हैं तो उन्हें कप्तानी मिल सकती है क्योंकि इस समय रिंकू सिंह सही विकल्प नहीं लग रहे। हालांकि यह नहीं पता कि मुंबई की टीम इस स्टार के लिए नकद करार चाहती है या खिलाड़ी की अदला-बदली। मुंबई को मिली दूसरी पेशकश यशस्वी जायसवाल और पांड्या के बीच अदला-बदली की बताई जा रही है लेकिन पक्के तौर पर यह नहीं कहा जा सकता कि बातचीत आगे बढ़ी है या नहीं।


