मंडियों में धान का सैलाब, सरकारी खरीद केंद्रों का इंतजार
हिन्दुस्तान, संभल
धान की कटाई तेज होते ही संभल जिले की मंडियों में किसानों की भीड़ बढ़ गई है। किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों में धान लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं, लेकिन सरकारी खरीद केंद्रों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है। इससे किसानों को लंबे इंतजार और भीड़ का सामना करना पड़ रहा है।

धान की कटाई तेज होते ही जिले की मंडियों में किसानों की भीड़ उमड़ने लगी है। संभल मंडी समिति के साथ ही बहजोई और चंदौसी मंडी में भी किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों में धान लेकर पहुंच रहे हैं। मंडियों में धान की आवक बढ़ने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर सरकारी धान खरीद केंद्र तैयार होने के बावजूद अभी तक गुलजार नहीं हुए हैं। जिले में धान खरीद के लिए प्रशासन ने सरकारी केंद्र निर्धारित कर दिए हैं, लेकिन इन केंद्रों पर खरीद शुरू होने को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
ऐसे में किसान मंडियों का रुख कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि सरकारी केंद्रों पर खरीद शुरू हो जाए तो उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों की भीड़ और लंबी कतारों से राहत मिल सकती है।

