Saharanpur News: फाइलों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त, बैंकर्स को कार्रवाई के निर्देश
Saharanpur News: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हुई, जिसमें जिलाधिकारी ने ऋण आवेदनों की प्रगति का जायजा लिया। कुछ बैंकों में ऋण निस्तारण में देरी पर नाराजगी जताई गई और उचित कार्रवाई की निर्देश दिए गए। बैठक में अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Saharanpur News: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में योजना की प्रगति और युवाओं को स्वरोजगार के लिए दिए जाने वाले ऋण आवेदनों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कुछ बैंकों में ऋण संबंधी फाइलों के निस्तारण में लापरवाही और अनावश्यक देरी सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी स्तर पर उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित बैंकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने बैंकर्स को निर्देशित किया कि पात्र युवाओं की फाइलों को अकारण लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति में अनावश्यक देरी से युवाओं के स्वरोजगार की योजनाएं प्रभावित होती हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र अजय कुमार त्रिपाठी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक नवनीत शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


