सदर अनुमंडल में बनेंगे 39 हजार नए राशन कार्ड, विशेष अभियान शुरू
अनुमंडल कार्यालय, नवादा सदर में नए राशन कार्ड निर्माण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल को लगभग 39,000 नए पात्र राशन कार्डों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। सभी प्रखंडों के लिए दैनिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पात्र लाभुकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर अमित अनुराग की अध्यक्षता में मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय, नवादा सदर में अनुमंडल अंतर्गत सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नवादा सदर के साथ नए राशन कार्ड निर्माण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की समीक्षा
बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार द्वारा निर्गत निर्देशों तथा दिनांक जिला पदाधिकारी, नवादा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में अनुमंडल नवादा सदर अंतर्गत पात्र लाभुकों के नए राशन कार्डों के निर्माण हेतु विशेष अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि अनुमंडल नवादा सदर को लगभग 39,000 नए पात्र राशन कार्डों के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने हेतु सभी प्रखंडों के लिए दैनिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पात्र लाभुकों के लिए जानकारी
उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित दैनिक लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं (डीलरों) के साथ अविलंब बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लाभुकों की पहचान, ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तथा समयबद्ध ऑनलाइन प्रविष्टि एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही सभी पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभुकों को अभियान की जानकारी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने पात्र लाभुकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित जन वितरण प्रणाली विक्रेता (डीलर) अथवा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कराएं।
लक्ष्य को प्राप्त करने की आवश्यकता
हर हाल में लक्ष्य को करना है प्राप्त बैठक के अंत में एसडीओ अमित अनुराग ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विभागीय निर्देशों एवं जिला पदाधिकारी, नवादा के निर्देशानुसार राशन कार्ड निर्माण का यह विशेष अभियान मिशन मोड में संचालित किया जाएगा तथा 13 अगस्त, 2026 तक अनुमंडल नवादा सदर को प्राप्त 39,000 नए राशन कार्डों के निर्माण का लक्ष्य हर हाल में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, सतत अनुश्रवण एवं पूर्ण गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि अनुमंडल नवादा सदर का कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए।
आवश्यक दस्तावेज
लाभुकों के लिए ये दस्तावेज होने जरूरी 1. जाति, निवास एवं आय प्रमाण-पत्र की स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां। 2. परिवार के मुखिया का स्पष्ट पासपोर्ट आकार का एक रंगीन फोटो। 3. बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति। 4. परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की स्पष्ट छायाप्रति। 5. आधार से लिंक सक्रिय मोबाइल नंबर। 6. सक्रिय ई-मेल आईडी। (नवादा से कुमार गोपी कृष्ण)


