जमाबंदी सुधार में लापरवाही पर सचिव ने दी चेतावनी
मुशहरी में राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. सुनील कुमार झा ने जमाबंदी सुधार कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। 22,707 सात जीरो खाता और 27,328 मिसिंग प्लॉट्स में त्रुटियों को सुधारने का निर्देश दिया गया। अभियान 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

मुशहरी, हिसं। अंचल कार्यालय का शनिवार को राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. सुनील कुमार झा ने निरीक्षण किया। राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान जमाबंदी सुधार कार्य की धीमी प्रगति पर भड़क गए। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डॉ. झा ने बताया कि मुशहरी अंचल में 22,707 सात जीरो खाता तथा 27,328 मिसिंग प्लॉट से संबंधित जमाबंदियों में त्रुटियों का सुधार किया जाना है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभिलेखागार का जायजा लेने के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर फीडबैक लिया।
संयुक्त सचिव ने सीओ और आरओ को प्रत्येक रविवार को मुखिया एवं सरपंचों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से राजस्व कर्मचारी घर-घर जाकर अभिलेखों की जांच करेंगे, जिससे ऑनलाइन जमाबंदी में दर्ज त्रुटियों को दूर किया जा सके। सुधार से संबंधित डिजिटल प्रपोजल राजस्व कर्मचारी सीधे सीओं को भेजेंगे। यह अभियान 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए सॉफ्टवेयर में आवश्यक सुधार की बात कही है। निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव ने जमाबंदी अभिलेखों की स्कैनिंग कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार से स्कैनिंग कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।


