चार प्रखंडों के जलकर की बंदोबस्ती होगी निरस्त
मुजफ्फरपुर में चार प्रखंडों के मत्स्यजीवी सहयोग समिति के मंत्रियों को जलकर की बंदोबस्ती का राजस्व समय पर जमा नहीं करने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने बंदोबस्ती निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 25 सितंबर को निरस्तीकरण का मामला सक्षम प्राधिकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जलकर की बंदोबस्ती का राजस्व समय पर जमा नहीं करना चार प्रखंडों के मत्स्यजीवी सहयोग समिति के मंत्रियों को भारी पड़ सकता है। मत्स्य विभाग ने बंदरा, मोतीपुर, मुरौल और पारू प्रखंड की बंदोबस्ती निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गायघाट के जाता-कांटा जलकर के बंदोबस्तधारी मो. मकबूल ने भी वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली किस्त जमा नहीं की है। गुरुवार को जिला मत्स्य पदाधिकारी रंधीर कुमार ने बताया कि 16 प्रखंडों में जलकरों की बंदोबस्ती की जाती है। बिहार जलकर प्रबंधन अधिनियम के तहत जुलाई और जनवरी में राजस्व राशि विभागीय खाते में जमा करनी होती है।
वर्तमान बंदोबस्ती एक जुलाई 2022 से 30 जून 2027 तक है। कई बार पत्र भेजने के बावजूद राशि जमा नहीं की गई। बताया कि 25 सितंबर को बंदोबस्ती निरस्त करने की संचिका सक्षम प्राधिकार के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। निरस्तीकरण के बाद पुनः बंदोबस्ती होगी। बकाया वसूली के लिए नीलामपत्र वाद भी दायर किया जाएगा।


