केनरा बैंक के सेवानिवृत्त कर्मी से 9.90 लाख की ठगी
मथुरा में एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के साथ 9 लाख 90 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई है। उन्होंने फेसबुक पर पेंशन कार्ड के विज्ञापन देखे और धोखेबाजों ने उनसे स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाया। ठगों ने उनके मोबाइल का पूरा एक्सेस ले लिया और बैंक खाते से पैसे काट लिए। शिकायत दर्ज करवाई गई है।

मथुरा, केनरा बैंक के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से पेंशन कार्ड जारी करने के नाम पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाकर 9 लाख 90 हजार रुपये की साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। साइबर थाने ने मामला दर्ज कर लिया है। लोटा फैक्ट्री विजय नगर कॉलोनी मथुरा निवासी स्वरूप चन्द दिनकर केनरा बैंक से सेवानिवृत्त हैं। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने फेसबुक पर पेंशन कार्ड बनाने से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। इसके बाद अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क किया और सेवानिवृत्त कर्मचारी होने के नाते पेंशन कार्ड जारी कराने का झांसा दिया।
प्रक्रिया के नाम पर शातिर ठगों ने धोखे से पीड़ित के मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवा लिया और फोन का पूरा एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद अपराधियों ने पीड़ित के बैंक खाते से कुल 9 लाख 90 हजार रुपये काट लिए। पीड़ित के अनुसार यह उनके जीवन भर की जमा पूंजी थी।पैसे कटते ही पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पीड़ित की लिखित शिकायत पर थाना साइबर अपराध मथुरा में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच निरीक्षक जयबीर सिंह को सौंपी गई है।


