मत्स्य विभाग के सेवानिवृत्त चालक से धोखाधड़ी
आजमगढ़ में मत्स्य विभाग के सेवानिवृत्त चालक राजदेव ने आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारी बताकर संपर्क करने वाले लोगों ने उनके नाम पर दो बैंकों से कुल 30 लाख रुपये का ऋण लिया और रकम खुद रख ली। उन्होंने फर्जी हस्ताक्षर और चेकबुक से वेतन, जीपीएफ व बोनस निकालने का भी आरोप लगाया। पीड़ित ने एसएसपी से जांच और कार्रवाई की मांग की है।

आजमगढ़, संवाददाता। मत्स्य विभाग के सेवानिवृत्त चालक के साथ लाखों की धोखाधड़ी की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके नाम पर लाखों रुपये का लोन ले लिया गया। बैंक खाते से रुपये की निकासी कर ली गई। उसने मंगलवार को एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की। कंधरापुर थाना क्षेत्र के शोधनपट्टी गांव निवासी राजदेव मत्स्य विभाग में चलक के पद पर तैनात थे। 31 अक्तूबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2020 में आजमगढ़ रोडवेज गेट पर उनकी मुलाकात शहर के कुर्मी टोला निवासी एक व्यक्ति से हुई। उसने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर विश्वास हासिल किया।
इसके बाद कुछ अन्य लोग भी उसके संपर्क में आए। राजदेव ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने शराब पिलाकर अपने प्रभाव में रखा। इसी दौरान उनके सर्विस बैंक खाते और अनवरगंज स्थित यूनियन बैंक से 15 लाख, रैदोपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा से 15 लाख रुपये उनके नाम पर लोन करा लिए। कर्ज की रकम उन्हें देने के बजाए दूसरे लोगों ने अपने पास रख ली। 2021 से 2025 के बीच फर्जी हस्ताक्षर और चेकबुक के माध्यम से उनके वेतन, जीपीएफ और बोनस की रकम भी निकाली जाती रही। वह 31 अक्तूबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद घर लौटने पर उन्हें बैंक से जुड़े कर्ज की जानकारी मिली। कर्ज की रकम जमा करने के लिए बैंक से जुड़े लोग उनके घर पहुंचकर दबाव बना रहे हैं। और भुगतान नहीं करने पर संपत्ति नीलाम होने की बात कह रहे हैं। उन्होंने आरोपी और उसके साथियों पर परिवार को धमकाने, दामाद श्रवण कुमार को भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित राजदेव ने एसएसपी से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

