834 वर्ष पुराने श्रीरामजानकी मठ का जीर्णाेद्धार कार्य शुरू
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राघोपुर बखरी स्थित 834 वर्ष पुराने श्रीरामजानकी मठ के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ हुआ। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। आस्था और संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से मठ का पुनर्निर्माण किया जा रहा है।

सीतामढ़ी, सीतामढ़ी प्रतिनिधि। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर राघोपुर बखरी स्थित 834 वर्ष पुराने ऐतिहासिक श्रीरामजानकी मठ के जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बीच शुरू हुए निर्माण कार्य में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी कुमार चौबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, बिहार सरकार की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता एवं विधायक सुनील कुमार पिंटू ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। रामायण रिसर्च काउंसिल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पंडित सुधेश झा ने विधि-विधान के साथ पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री चौबे ने कहा कि श्रीरामजानकी मठ का जीर्णोद्धार केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मठ के पुनर्निर्माण से सीतामढ़ी की आध्यात्मक पहचान और मजबूत होगी। उन्होंने निर्माण कार्य के सफल एवं समयबद्ध पूर्ण होने की शुभकामनाएं भी दीं।
धरोहर का संरक्षण
रामायण रिसर्च काउंसिल के ट्रस्टी राजीव सिंह ने बताया कि यह मठ मां जानकी की जन्मभूमि की प्राचीन आध्यात्मिक धरोहरों में शामिल है। इसके जीर्णोद्धार से न केवल ऐतिहासिक विरासत संरक्षित होगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियां भी इस धरोहर से जुड़ सकेंगी। वहीं, मठ निर्माण समिति के प्रभारी विजय कुमार ने कहा कि जनसहयोग से इस ऐतिहासिक धरोहर को भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
शिलान्यास और शुभारंभ
उल्लेखनीय है कि श्रीरामजानकी मठ के जीर्णोद्धार परियोजना का शिलान्यास 25 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया था। इसके बाद गुरु पूर्णिमा के अवसर पर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई।
उपस्थित श्रद्धालु
कार्यक्रम में महंत रामलीला दास, डॉ.वरुण कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. आर.के. प्रकाश, विश्वम्भर पासवान, ऋषिकेश झा, संतोष सर्राफ, सुनील सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


