बरहरवा रेलवे स्टेशन से चार बालक रेस्क्यू
बरहड़वा रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच के दौरान चार नाबालिग बच्चों को बरामद किया गया, जो बिना बताये घर से निकलकर लखनऊ में मजदूरी करने जा रहे थे। आरपीएफ टीम ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की और कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें पुनर्वास के लिए एक संस्था को सौंप दिया।

बरहड़वा, प्रतिनिधि। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान चार बालकों को बरामद किया गया। सभी बच्चे अपने परिजनों को बिना बताए घर से निकलकर मजदूरी करने के उद्देश्य से लखनऊ जाने की योजना बना रहे थे। जानकारी के अनुसार आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान एवं मंथन संस्था की प्रतिनिधि आराधना मंडल ने स्टेशन परिसर में संयुक्त जांच व निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सिग्नल ऑफिस के पास चार नाबालिग बालक संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पाए गए। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उनकी उम्र 13 से 16 के बीच है ।
वे पाकुड़ जिले के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि वे बिना अभिभावकों को सूचना दिए घर से निकलकर मुरारोई रेलवे स्टेशन से बरहरवा पहुंचे थे । वहां से लखनऊ जाकर मजदूरी करने की योजना बना रहे थे। बच्चों की स्थिति और गतिविधियों को देखते हुए आरपीएफ टीम उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से बरहरवा आरपीएफ पोस्ट ले गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों नाबालिगों को आगे की देखरेख, परामर्श व पुनर्वास की कार्रवाई के लिए साहिबगंज मंथन संस्था की प्रतिनिधि आराधना मंडल को सौंप दिया गया है।


