देवघाट पुल की मरम्मत में खर्च होंगे 1.42 करोड़ रुपये
प्रयागराज के कोरांव क्षेत्र में बेलन नदी की बाढ़ से क्षतिग्रस्त देवघाट पुल की मरम्मत के लिए 1.42 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। पीडब्ल्यूडी ने पुल पर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित कर दिया है। विशेषज्ञों द्वारा जांच के बाद, मरम्मत कार्य में कम से कम दो महीने का समय लगेगा।
प्रयागराज। कोरांव क्षेत्र में बेलन नदी की बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए देवघाट पुल की मरम्मत कराने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 400 मीटर लंबाई के पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड की ओर से मरम्मत पर होने वाले खर्च के लिए कमेटी बनाई गई थी। कमेटी ने पूरे पुल की मरम्मत कराने के लिए 1.42 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। बेलन नदी में आई बाढ़ से पुल की पांच बेयरिंग व कई एक्सपेंशन ज्वाइंट क्षतिग्रस्त हो गए है। ज्वाइंट के आसपास गहरी दरारें दिखाई देने लगी है। पीडब्ल्यूडी ने कम से कम तीन महीने के लिए पुल पर हल्के से लेकर भारी वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित कर दिया था।
कोरांव क्षेत्र के आसपास 50 से अधिक गांवों के हजारों-हजार लोग प्रभावित हुए हैं। गठित कमेटी ने मरम्मत कार्य में कितना खर्चा आएगा, पुल कितना कमजोर हुआ है और इसे कैसे मजबूत किया जाए कि भविष्य में बाढ़ के पानी का असर पुल पर ना पड़े। इसको लेकर कमेटी के तकनीकी विशेषज्ञों ने 20 अगस्त से अपनी जांच शुरू की थी। 10 दिनों तक चली जांच के बाद मरम्मत पर होने वाले खर्च का प्रस्ताव तैयार किया गया। जिसे दो सितंबर को पीडब्ल्यूडी के लखनऊ मुख्यालय को स्वीकृति के लिए भेजा गया। विभागीय अधिकारियों की मानें तो रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों के आने-जाने की समस्या को देखते हुए 10 दिनों में बजट को स्वीकृति मिल जाएगी। खंड के सहायक अभियंता मो. अरशद ने बताया कि बजट जारी होने के बाद जितनी जल्दी हो सकेगा। मरम्मत कार्य की टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मरम्मत कार्य में कम से कम दो महीने का समय लगेगा।


