रामलीला की जमीन पर अतिक्रमण का उठाया मुद्दा
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में रामलीला की जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। बैठक में बिजली की बार-बार ट्रिपिंग की समस्या और मिनी औद्योगिक आस्थान सोरांव में नाली और सड़क निर्माण के मुद्दे भी उठाए गए।

औद्योगिक क्षेत्र में रामलीला की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई होगी। सोमवार को संगम सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में इस मामले को उठाया गया। जिलाधिकारी ने प्रकरण के निस्तारण के लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों और पक्षकारों की बैठक कराने के निर्देश दिए। बैठक में बिजली की बार-बार ट्रिपिंग से उद्योगों के प्रभावित होने की शिकायत भी की गई। उद्यमी जीएस दरबारी के प्रतिनिधि की ओर से लगातार ट्रिपिंग का मुद्दा रखा गया। इसके अलावा मिनी औद्योगिक आस्थान सोरांव में नाली और सड़क निर्माण के मामले कहा गया कि बारिश का मौसम खत्म होने के बाद काम शुरू किया जाएगा।
इसके अलावा यूपीसीडा से जुड़े पांच मामलों की प्रगति से आरएम यूपीसीडा ने समिति को अवगत कराया। आरएम यूपीसीडा के अवरुद्ध वेतन को जारी करने के संबंध में भी जिलाधिकारी ने निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र, उद्यमी विनय टंडन, संजय जैन, नटवर लाल, अनुराग मिश्रा समेत अन्य शामिल हुए।


