मुस्लिम समाज ने शिवभक्त को कांवड़ यात्रा के लिए किया विदा
कांवड़ यात्रा के दौरान चिलकाना में सांप्रदायिक सौहार्द का एक अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। मुस्लिम समुदाय ने 75 वर्षीय शिवभक्त ओमकार सिंघल को गंगाजल लाने का आशीर्वाद दिया और उनकी यात्रा की सफल होने की दुआ की। युसूफ कुरैशी ने सभी धर्मों के सम्मान की बात की और भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया।

कांवड़ यात्रा के बीच चिलकाना में सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। मुस्लिम समाज के लोगों ने 75 वर्षीय शिवभक्त ओमकार सिंघल को हरिद्वार से गंगाजल लाने की यात्रा पर रवाना होने से पहले मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनकी सकुशल यात्रा की दुआ की। अखिल भारतीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष युसूफ कुरैशी ने साथियों के साथ ओमकार सिंघल का स्वागत कर उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। युसूफ कुरैशी ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से समाज में दूरी पैदा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन चिलकाना की पहचान हमेशा आपसी प्रेम और भाईचारे की रही है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना हमारी साझा संस्कृति है।
इस दौरान पटना उर्फ नया बांस के पूर्व प्रधान इरफान ने भी ओमकार सिंघल को मिठाई खिलाकर सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उस्मान गाड़ा, सादाब, अल्तमश अंसारी, डॉक्टर रिजवान और आरिश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सामाजिक सद्भाव और पारस्परिक सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया।


