काम की खबर: दीपावली पर ट्रेनों में दोगुनी होंगी तत्काल कोटे की सीटें
- उत्तर रेलवे प्रशासन ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजकर अनुमति मांगी है - मंजूरी

लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता।दीपावली पर्व पर ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और सीटों की मारामारी से परेशान यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर रेलवे प्रशासन ने त्यौहार के दौरान तत्काल कोटे की सीटों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजकर अनुमति मांगी गई है।मंजूरी मिलते ही लखनऊ से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट की ट्रेनों में तत्काल कोटे की सीटें वर्तमान 6,500 से बढ़ाकर 12,000 से अधिक कर दी जाएंगी। यह बढ़ोतरी पूरी तरह अस्थायी होगी और दीपावली के बाद सीटों की संख्या पुनः पूर्ववत कर दी जाएगी। फिलहाल लखनऊ से दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोमती और वैशाली एक्सप्रेस, तथा मुंबई जाने वाली पुष्पक, अवध व कुशीनगर एक्सप्रेस में भारी वेटिंग चल रही है।
हावड़ा रूट की ट्रेनों का भी यही हाल है। वर्तमान में उपलब्ध 6,500 तत्काल सीटों में स्लीपर श्रेणी की 4,200 और एसी श्रेणी की 2,300 सीटें शामिल हैं। तत्काल कोटा दोगुना होने से त्यौहार पर घर आने और वापसी की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी।

