सुबह रिमझिम बारिश, दोपहर को खिली तल्ख धूप
हापुड़ के मौसम में शनिवार को काले बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि दोपहर में तेज धूप ने फिर से गर्मी बढ़ा दी। उमस भरी गर्मी के कारण लोग परेशान हो गए। बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा।

हापुड़ के मौसम ने शनिवार की सुबह करवट बदल ली। आसमान में घने काले बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी होने लगी। इससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। लेकिन दोपहर को फिर चिलचिलाती धूप खिली। तल्ख़ धूप में लोगों का घर से बाहर निकलना दुश्वार हो गया। कोई छाता तो कोई चेहरे को कपड़े से ढककर निकला। लेकिन उमस भरी गर्मी होने के कारण लोग पसीनों से तरबतर रहे। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दो दिन पहले हापुड़ में बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया था। भीषण गर्मी से लोगों को निजात मिली थी।
लेकिन शुक्रवार को दिनभर उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। हालांकि रात में आसमान में बादल छाने लगे और ठंडी हवाएं चलने लगी। शनिवार की सुबह आसमान में छाए काले बादल बरसने लगे। हालांकि बूंदाबांदी ही होती रही, लेकिन फिर भी लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन दोपहर को मौसम साफ हो गया और गर्मी ने अपना रौद्र रूप धारण कर लिया।चिलचिलाती धूप खिलने से लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का अहसास हुआ। जबकि तेज धूप के साथ उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया, ऐसे में एसी कमरों से बाहर निकलते ही लोगों का पसीना टपकने लगा, जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा। तेज धूप से तो लोग जैसे-तैसे बच गए, लेकिन उमस से लोगों को राहत नहीं मिल सकीं। हालांकि बारिश की वजह से अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस लुढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


