जियो प्लेटफॉर्म्स लाएगा देश का सबसे बड़ा आईपीओ
रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल सेवा इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स को आईपीओ लाने के लिए सेबी की मंजूरी मिल गई है। कंपनी 37,700 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद कर रही है, जो देश का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम हो सकता है। कंपनी 27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी, जिसका मूल्यांकन 137 अरब डॉलर के करीब होगा।

नई दिल्ली, एजेंसी। रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल सेवा इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स लि. को आईपीओ लाने के लिए बाजार नियामक सेबी की मंजूरी मिल गई है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब चार अरब डॉलर (लगभग 37,700 करोड़ रुपये) जुटाने की उम्मीद कर रही है। इस लिहाज से यह देश का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम हो सकता है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने प्रस्तावित सार्वजनिक निर्गम के लिए जून में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास मसौदा दस्तावेज दाखिल किए थे। सेबी के पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स को 28 अगस्त को सेबी की अंतिम टिप्पणियां मिल गईं।
कंपनी के नए शेयर जारी
कंपनी 27 करोड़ तक नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। निर्गम जारी होने के बाद यह कंपनी के कुल इक्विटी शेयर का करीब 2.9 प्रतिशत होगा। सूत्रों ने कहा कि कंपनी करीब 137 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर आईपीओ के जरिए लगभग 37,700 करोड़ रुपये जुटा सकती है, जिससे यह देश के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ बन जाएगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का प्रस्तावित आईपीओ लगभग 30,000 करोड़ रुपये का रहने का अनुमान है।
पहले भारत के बड़े आईपीओ
कंपनी साल आकार (करोड़ में)
1 हुंदै मोटर 2024 ₹27,858.75
2 एलआईसी 2022 ₹20,557.23
3 पेटीएम 2021 ₹18,300
4 टाटा कैपिटल 2025 ₹15,511.87
5 कोल इंडिया 2010 ₹15,199.44


