खेल साथी पोर्टल के जरिये आवेदन कर सकेंगे खिलाड़ी
वाराणसी में क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय ने प्रशिक्षु और शौकिया खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है। खिलाड़ियों को अब केवल https://khelsathi.in/ पर जाकर आवेदन करना होगा। पंजीकरण के लिए ई-मेल आईडी, पहचान पत्र और खेल विभाग के प्रमाण पत्र जैसी जानकारी अपलोड करनी होगी।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय में प्रशिक्षु और शौकिया खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण अब ऑफलाइन बंद कर दिया गया है। खिलाड़ी केवल ऑनलाइन ही आवेदन कर पंजीकरण करा सकेंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि निदेशालय की ओर से जारी https://khelsathi.in/ पर खिलाड़ी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बताया कि खिलाड़ी इस वेबसाइट पर जाकर अपना ई-मेल आईडी देकर लॉग इन करेंगे। इसके बाद संबंधित नाम, मो. नंबर, पहचान पत्र, खेल विभाग के प्रमाण पत्र आदि को अपलोड करने के साथ ही शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा। शुल्क दो तरह का जमा करना होगा। खेल विभाग का शुल्क ऑनलाइन आवेदन के समय ही यूपीआई से भुगतान किया जा सकेगा।
भुगतान की गई राशि निदेशालय के खाते में जाएगा। इसके अलावा जिले स्तर पर गठित प्रोत्साहन समिति के लिए अलग शुल्क देय होगा। जिन खिलाड़ियों का आवेदन ऑनलाइन स्वीकृत कर लिया जाएगा, वे खिलाड़ी कार्यालय आकर क्यूआर कोड के जरिये ऑनलाइन ही प्रोत्साहन समिति के खाते में शुल्क जमा कर सकेंगे। बताया कि ऑनलाइन आवेदन के आधार पर पंजीकरण के बाद खिलाड़ियों को परिचय पत्र दिया जाएगा। बताया कि शुल्क में किसी तरह का फेरबदल नहीं किया गया है। पूर्व निर्धारित शुल्क ही लिए जाएंगे।


