जेएनवी हापुड़ ने प्रथम, भोगांव ने पाया द्वितीय स्थान
भोगांव स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय कला उत्सव प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। छात्र-छात्राओं ने भारतीय कला और संस्कृति के रंगों को प्रदर्शित किया। जवाहर नवोदय विद्यालय हापुड़ ने तीन विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र वितरित किए।

भोगांव। नगर स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय कला उत्सव प्रतियोगिता का शुक्रवार को भव्य समापन हो गया। दो दिनों तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में जवाहर नवोदय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भारतीय कला, संस्कृति और परंपरा के विविध रंगों को अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने कला की नौ विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार श्रेणियाँ निर्धारित की गई थीं। शानदार प्रदर्शन करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय हापुड़ ने तीन विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान हासिल कर पूरी प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया और शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
वहीं मेजबान पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव ने बेहतरीन प्रदर्शन के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश यादव ने विजेता एवं सफल छात्रों को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उप प्रधानाचार्य सुघर सिंह, सुलक्षण शर्मा, आशीष यादव, अमिता सिंह आदि मौजूद रहे।


