ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशपश्चिम बंगाल के 10, तो गुजरात में अहमदाबाद समेत नौ जिले रेड जोन में; महाराष्ट्र में 14 रेड जोन जिले

पश्चिम बंगाल के 10, तो गुजरात में अहमदाबाद समेत नौ जिले रेड जोन में; महाराष्ट्र में 14 रेड जोन जिले

केन्द्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के 10 जिलों को रेड जोन की सूची में रखा है, इस तरह से देश में 130 क्षेत्र 'रेड जोन' की सूची में शामिल हो गए हैं। बंगाल के 10 जिले कोलकाता, हावड़ा, 24 परगना उत्तर,...

पश्चिम बंगाल के 10, तो गुजरात में अहमदाबाद समेत नौ जिले रेड जोन में; महाराष्ट्र में 14 रेड जोन जिले
लाइव हिन्दुस्तान टीम,कोलकाता गांधीनगर मुंबईSat, 02 May 2020 03:09 AM
ऐप पर पढ़ें

केन्द्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के 10 जिलों को रेड जोन की सूची में रखा है, इस तरह से देश में 130 क्षेत्र 'रेड जोन' की सूची में शामिल हो गए हैं। बंगाल के 10 जिले कोलकाता, हावड़ा, 24 परगना उत्तर, 24 परगना दक्षिण, मेदिनीपुर पश्चिम, मेदिनीपुर पूर्व, दार्जीलिंग, जलपाईगुडी, कलीमपोंग और मालदा रेड जोन की सूची में हैं।

पश्चिम बंगाल के अलावा केवल चार राज्य ऐसे हैं जिन्हें 'डबल फीगर' वाले रेड जोन की सूची में रखा गया है। इनमें उत्तर प्रदेश के 19 क्षेत्र, महाराष्ट्र के 14, तमिलनाडु के 12 और दिल्ली के 11 क्षेत्र रेड जोन के अंतर्गत आते हैं, जबकि 15 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश रेड जोन की सूची में नहीं आते।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव प्रीति सूदन ने इस बात का खुलासा लिखे गए पत्र में किया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव ने राज्यों और संघ शासित प्रदेशों के सभी मुख्य सचिवों को लिखे एक पत्र में कहा है कि प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर इन जिलों को हॉटस्पॉट / रेड जोन/ ऑरेंज जोन और ग्रीन जोन निर्धारित किया गया है।

विभिन्न मानदंडों के निर्धारण के आधार पर कोरोना वायरस संक्रमितों के आंकड़े बढ़ने पर विभिन्न क्षेत्रों को नामित किया गया। अत्यधिक तथ्यात्मक श्रेणियों के आधार पर जिलों का वर्गीकरण किया गया है जिनमें मामलों को देखते हुए, दोहरीकरण दर, परीक्षण और निगरानी प्रतिक्रिया को ध्यान में रखा गया है। उस जिले को ग्रीन जोन में रखा जाएगा, अगर वहां से अभी तक एक भी कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई हो और जिले में पिछले 21 दिनों से कोरोना वायरस की कोई भी रिपोर्ट सामने नहीं आई हो।       

गुजरात में अहमदाबाद समेत नौ जिले रेड जोन में
गुजरात में कुल 33 जिलों में से नौ को कोरोना संक्रमण के मामले में सर्वाधिक खतरनाक रेड जोन यानी लाल-क्षेत्र में रखा गया है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से नए मामलों की संख्या, डब्लिंग दर आदि को ध्यान में रख कर तय प्रतिमानों के अनुरूप राज्य के नौ जिलों अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, गांधीनगर, भावनगर, बनासकांठा, आणंद, पंचमहाल और अरावल्ली को रेड जोन में रखा गया है। पांच जिलों मोरबी, पोरबंदर, अमरेली, जूनागढ़ ओर देवभूमि द्वारका को सबसे बेहतर ग्रीन जोन यानी हरे क्षेत्र में रखा गया है।

मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के गृह जिले राजकोट समेत शेष 19 जिलों को ऑरेंज जोन यानी नारंगी क्षेत्र में रखा गया है। ज्ञातव्य है कि गुजरात में अब तक कुल 4500 से अधिक मामले सामने आए हैं तथा 200 से अधिक की मौत हुई है, जबकि 600 से अधिक स्वस्थ भी हुए हैं। अकेले अहमदाबाद में 3000 से अधिक मामले ओर लगभग 150 मौतें हुई हैं। सूरत में 600 से अधिक मामले, 25 मौतें तथा वडोदरा में 25० से अधिक मामले और 17 मौतें हुई हैं।

महाराष्ट्र में 14 रेड जोन जिले
केंद्र सरकार के दो सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ने की घोषणा के पूर्व शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी मुंबई और पुणे समेत अन्य रेड जोन से लॉकडाउन नहीं हटाने का संकेत दिया था। पहले की अधिसूचना के अनुसार, महाराष्ट्र में 14 रेड जोन जिले हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 19 जिले रेड जोन में हैं। महाराष्ट्र में रेड जोन में शामिल होने वाले जिलों में  मुंबई, मुंबई उपनगर, पुणे, ठाणे, पालघर, नासिक, नागपुर, सोलापुर, यवतमाल, औरंगाबाद, सतारा, धुले, अकोला, जलगांव हैं। महाराष्ट्र में 16 जिले ऑरेंज जोन में शामिल हैं। मुंबई-पुणे क्षेत्र जो देश का सबसे बड़ी औद्योगिक क्षेत्र है, मुंबई के आसपास मुंबई उपनगरीय, ठाणे, पालघर और पुणे  रेड जोन में है जबकि रायगढ़ जिला ऑरेंज जोन में है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें