जिले में खतरे के निशान से नीचे बह रही गंडक
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण उत्तर बिहार में रेड अलर्ट जारी किया गया है। गंडक नदी के किनारे बसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, नदी का जलस्तर खतरे के निशान से एक मीटर नीचे है, लेकिन कुछ स्थानों पर यह खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

मुजफ्फरपुर, वसं। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ को लेकर उत्तर बिहार में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। खासकर गंडक नदी के किनारे बसे इलाकों में विशेष निगरानी की जा रही है। इस बीच जल संसाधन विभाग द्वारा जिले में गंडक नदी के जलस्तर का जारी आंकड़ा राहत देनेवाला है। जिले में यह नदी अभी खतरे के निशान से एक मीटर नीचे बह रही है। हालांकि नदी का जलस्तर पूर्वी चम्पारण की सीमा से सटे डुमरिया घाट और वैशाली जिले की सीमा से लगे लालगंज में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। विभाग द्वारा शाम 8.30 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार रेवा घाट में गंडक खतरे के निशान से 1.15 मीटर नीचे 53.26 मीटर पर बह रही थी, जबकि लालगंज में यह लाल निशान से 0.08 मीटर ऊपर 50.58 मीटर पर थी।
वहीं डुमरिया घाट में इसका जलस्तर लाल निशान से 0.53 मीटर ऊपर 62.75 मीटर मापा गया। जल संसाधन द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार देर रात पानी के रेवा घाट पहुंचने की संभावना है।


