बैरक में रहने वाली 15 महिला आरक्षियों से पूछताछ
कौशाम्बी के महिला थाने पर तैनात 28 वर्षीय प्रियंका यादव ने मंगलवार सुबह आत्महत्या की। उन्होंने थाने में इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। परिवार वालों ने भी ठोस जानकारी नहीं दी।
कौशाम्बी, संवाददाता। महिला थाने पर तैनात रिक्रूट आरक्षी की ओर से खुदकुशी किए जाने के मामले में फिलहाल पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लग सका है। आत्मघाती कदम उठाने की वजह तो तलाशी जा रही है, लेकिन नतीजा अब तक सिफर है। बैरक में साथ रहने वाली आरक्षियों से पूछताछ की जा चुकी है। अन्य से पूछताछ किया जाना बाकी है। परिवार वाले भी जान देने की कोई ठोस वजह नहीं बता सके हैं।गाजीपुर जिले के दूल्हापुर थाना क्षेत्र के सिखरी गांव की 28 वर्षीय प्रियंका यादव पुत्री रवींद्रनाथ यादव महिला थाना मंझनपुर (कौशाम्बी) में रिक्रूट आरक्षी के पद पर तैनात थी।
वर्ष 2025 बैच की इस आरक्षी की यहां पहली पोस्टिंग थी। मंगलवार सुबह वह इंसास राइफल लेकर पहरे पर तैनात थी। करीब 10 बजे उसने थाने के दफ्तर में रायफल से खुद को गोली मार ली थी। गोली उसकी गर्दन के पास लगी और सिर की ओर से बाहर निकल गई थी। इससे उसकी मौत हो गई थी। खुदकुशी के कारणों की जांच का जिम्मा एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने एएसपी अमिता सिंह को सौंपा है। एएसपी ने बताया कि बैरक में साथ रहने वाली करीब 15 आरक्षियों से पूछताछ की गई है। किसी ने ऐसा कोई कारण नहीं बताया, जिससे रिक्रूट कांस्टेबल खुदकुशी करे। महिला थाने में कुल 35 महिला पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग है। सभी से पूछताछ की जाएगी। उधर, पोस्टमार्टम के बाद एएसपी ने परिवार वालों से भी बातचीत की थी। बताया कि वह भी खुदकुशी करने की वजह नहीं बता सके।

