आईपीओ से छह महीने में रिकॉर्ड 94,205 करोड़ जुटाए
मुंबई, एजेंसी। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनियों ने आईपीओ के जरिये 94,205 करोड़ रुपये जुटाए। यह राशि पिछले साल की समान अवधि से 35 फीसदी अधिक है। पहले तीन महीनों में कंपनियां केवल 3,794 करोड़ रुपये ही जुटा पाई थीं। एनएसई का 22,563 करोड़ का आईपीओ सबसे बड़ा रहा।

मुंबई, एजेंसी। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद कंपनियों ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये रिकॉर्ड 94,205 करोड़ रुपये जुटाए। प्राइमडेटाबेस डॉट कॉम की गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान मुख्य बोर्ड पर 78 कंपनियां आईपीओ लेकर आईं। इन कंपनियों ने कुल 94,205 करोड़ रुपये जुटाए। आईपीओ से जुटाई गई यह राशि पिछले साल की समान अवधि के 69,533 करोड़ रुपये के पिछले रिकॉर्ड से 35 फीसदी अधिक है। अप्रैल-सितंबर 2025 में 65 आईपीओ के जरिये यह राशि जुटाई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, यह रिकॉर्ड धन जुटाव ऐसे समय हुआ है, जब वित्त वर्ष की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। पहले तीन महीनों में कंपनियां केवल 3,794 करोड़ रुपये ही जुटा पाई थीं। इसके अलावा छह महीने के अधिकांश समय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव भी बना रहा। इसके बावजूद बड़ी कंपनियों के आईपीओ और घरेलू निवेशकों की भागीदारी से प्राथमिक बाजार में गतिविधियां तेज रहीं.
एनएसई का ₹22,563 करोड़ का आईपीओ
पहली छमाही में सबसे बड़े आईपीओ में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 22,563 करोड़ रुपये का आईपीओ शामिल रहा। इसके अलावा एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट ने 9,795 करोड़ रुपये और मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज ने 9,275 करोड़ रुपये जुटाए। इन बड़े निर्गमों ने कुल आईपीओ संग्रह को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
आईपीओ की कतार अभी लंबी
रिपोर्ट के अनुसार, आईपीओ बाजार में आगे भी गतिविधियां मजबूत रहने की संभावना है। सेबी की मंजूरी के साथ 145 कंपनियां करीब 2.78 लाख करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं। इसके अलावा 102 कंपनियों के करीब 1.87 लाख करोड़ रुपये के निर्गम सेबी की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। इस तरह सेबी की मंजूरी पा चुकी और मंजूरी की प्रतीक्षा कर रही कंपनियों के प्रस्तावों को मिलाकर करीब 4.65 लाख करोड़ रुपये के आईपीओ बाजार में आने की संभावित कतार है.

