सावन के अंत तक सामान्य बमों की संख्या हो सकती है एक करोड़ के पार
सामान्य बमों की तरह डाक बमों और दांडी बमों की संख्या में भी वृद्धि अभी

सुल्तानगंज (भागलपुर), निज संवाददाता। श्रावणी मेला में इस वर्ष सामान्य बमों की तरह डाक बमों और दांडी बमों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। इस वर्ष डाक बमों की संख्या पिछले मेला का रिकॉर्ड तोड़ती दिखाई दे रही है। दांडी बमों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी जा रही है। जानकारों के अनुसार, इस वर्ष लगभग 25 हजार दांडी बम दंड-प्रणाम करते हुए सुल्तानगंज से बाबाधाम के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। दांडी बमों में सभी उम्र के पुरुष, महिलाएं, युवतियां और बालक शामिल हैं। सावन की समाप्ति तक यह संख्या और बढ़ सकती है। 18 अगस्त तक सरकारी आंकड़ों के अनुसार सामान्य बमों की संख्या 46,72,778 बताई जा रही है, पर वास्तविक संख्या सरकारी आंकड़ों से कहीं अधिक होने की संभावना है।
इसका कारण यह है कि बड़ी संख्या में सामान्य कांवरिया उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर गंगाजल लेकर ट्रेन, बस या निजी वाहनों से भी जाते हैं, जिनकी संख्या कम नहीं आंकी जा सकती। लोगों को उम्मीद है कि मेला समाप्ति तक सामान्य कांवरियों की संख्या इस वर्ष एक करोड़ के पार पहुंच सकती है।इधर, 18 अगस्त तक 60,220 डाक बम डाक-प्रमाण पत्र के साथ सुल्तानगंज से बाबाधाम के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। इनमें 58,390 पुरुष और 2,530 महिला डाक बम शामिल हैं। इस वर्ष कांवरियों के लिए की गई व्यवस्था अच्छी रहने के कारण भी उनकी संख्या में और इजाफा होने की प्रबल संभावना है। प्रखंड नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार की शाम पांच बजे से बुधवार की शाम पांच बजे तक सामान्य बमों की संख्या 214918 रही। जबकि डाक बमों की संख्या 718 रही। जिसमें पुरुषों की संख्या 690 और महिलाओं की संख्या 28 है।


