रक्षाबंधन के दूसरे दिन भी बसों में उमड़ी भीड़, यात्री बेहाल
रक्षाबंधन पर्व के दूसरे दिन शनिवार को यात्रियों की भारी भीड़ रही। बस और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ सुबह से ही बढ़ गई। रोडवेज प्रशासन द्वारा अतिरिक्त बसों के संचालन का दावा सही साबित नहीं हुआ। यात्रियों को बसों में चढ़ने में संघर्ष करना पड़ा, और ट्रेन यात्रियों की संख्या भी सामान्य दिनों से अधिक रही।

रक्षाबंधन पर्व के दूसरे दिन शनिवार को भी यात्रियों की भारी भीड़ के चलते रोडवेज बस व ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रही। सुबह से ही बस व रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जुटने लगी। बसें यात्रियों से खचाखच भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुईं। बसों के लिए घंटों तक इंतजार भी करना पड़ा। रोडवेज प्रशासन की ओर से त्योहार पर किए गए अतिरिक्त बसों के संचालन संग बेहतर बस सेवा का दावा धड़ाम साबित हुआ। अमरोहा, गजरौला, हसनपुर, बिजनौर, चांदपुर, मेरठ व दिल्ली की ओर जाने वाले मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक रहने से बसों के पहुंचते ही उनमें सवार होने के लिए यात्रियों में आपाधापी की स्थिति रही।
भीड़ अधिक होने पर कई यात्रियों ने बसों के दरवाजों पर खड़े होकर भी सफर किया। वहीं ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या भी सामान्य दिनों की अपेक्षा में शनिवार को अधिक रही। रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की आवाजाही बनी रही। परिवार के साथ लौट रहे यात्रियों को सामान के साथ भीड़ में सफर करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।


