353 छात्राओं ने अभी तक स्कूटी योजना के लिए नहीं कराया सत्यापन
बरेली में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत 1879 मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जानी है। हालांकि, अभी तक केवल 1526 छात्राओं का सत्यापन हो पाया है। 353 छात्राएं अभी भी सत्यापन के लिए बाकी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि बिना सत्यापन के स्कूटी योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालय की 1879 मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जानी है। योजना के लिए अभी तक केवल 1483 छात्राओं ने सत्यापन कराया था। अभी भी काफी संख्या में छात्राओं का सत्यापन बाकी है। सोमवार को छात्राओं को सत्यापन का एक और मौका देते हुए सोमवार सुबह 10 बजे परीक्षा नियंत्रक कार्यालय विश्वविद्यालय में बुलाया गया था। दोपहर तक हुए सत्यापन में केवल 43 छात्राएं ही सत्यापन कराने पहुंची। सभी के आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की प्रति, गतिमान/अन्तिम वर्ष की अंकतालिका, प्रवेश संबंधी प्रमाण पत्र चेक किए गए।
अब तक कुल 1526 छात्राओं का सत्यापन हो चुका है। बावजूद इसके अब भी 353 छात्राएं सत्यापन से रह गईं हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कहा गया कि छात्राओं को डाटा और अभिलेखों का सत्यापन कराना अनिवार्य है। बिना सत्यापन के स्कूटी योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा।


