आरबीएसके ने 18 माह की राधिका को दिलाया निशुल्क उपचार
पीलीभीत में आरबीएसके टीम ने 18 माह की राधिका को जन्मजात हृदय रोग से मुक्त कराया। परिवार के लिए सरकारी योजना मददगार साबित हुई। राधिका को जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ में सफल सर्जरी के बाद निशुल्क उपचार मिला। यह कार्यक्रम बच्चों में बीमारियों की पहचान और इलाज में मदद करता है।

पीलीभीत। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम ने जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 18 माह की मासूम राधिका को समय पर उपचार दिलाकर उसके परिवार को बड़ी राहत दी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए सरकारी योजना उम्मीद की किरण बनी। बरखेड़ा ब्लॉक के गाजीपुर कुंडा गांव निवासी अमर सिंह की बेटी राधिका जन्म से ही हृदय रोग से पीड़ित थी। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान आरबीएसके टीम ने बच्ची की बीमारी की पहचान की। चिकित्सीय परामर्श के बाद बच्ची को जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर किया गया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने राधिका की सफल सर्जरी की। निशुल्क उपचार मिलने से परिवार को महंगे इलाज के खर्च की चिंता से राहत मिली।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों में जन्मजात विकृतियों, बीमारियों, कमियों और विकास संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उपचार उपलब्ध कराया जाता है। आरबीएसके टीम स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की नियमित स्क्रीनिंग करती है, जिससे गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान हो सके।


