बिना इंटरनेट चलेगा डिजिटल रुपया
आरबीआई डिजिटल रुपये से ऑफलाइन भुगतान के लिए ब्लूटूथ और एनएफसी जैसी तकनीकों पर काम कर रहा है। इसका उद्देश्य इंटरनेट की अनुपस्थिति में भी डिजिटल भुगतान को सक्षम बनाना है। हालांकि, बिना इंटरनेट वाला 'ई' भुगतान आम जनता के लिए उपलब्ध नहीं है, और इसके विभिन्न तकनीकी विकल्पों का परीक्षण चल रहा है।

चार कॉलम.... शोल्डर::आरबीआई कर रहा ब्लूटूथ और एनएफसी जैसे विकल्पों से भुगतान सफल बनाने की तैयारी
डिजिटल रुपया बनाम यूपीआई
डिजिटल रुपया (e₹)
-आरबीआई की डिजिटल मुद्रा है।
-यह डिजिटल वॉलेट में रखा जा सकता है।
-व्यक्ति और दुकानदार के बीच भुगतान किया जा सकता है।
-भविष्य में ब्लूटूथ/एनएफसी के जरिए बिना इंटरनेट भुगतान की सुविधा देने पर काम हो रहा है।
यूपीआई
-यह भुगतान का डिजिटल माध्यम है।
-आम तौर पर बैंक खाते से सीधे भुगतान होता है।
-क्यूआर कोड, मोबाइल नंबर या यूपीआई आईडी से भुगतान किया जा सकता है।
-यूपीआई में भी कुछ ऑफलाइन विकल्प विकसित किए गए हैं, लेकिन उनकी सीमाएं हैं。
आरबीआई डिजिटल रुपये की नई पहल
नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने पर डिजिटल भुगतान में आने वाली दिक्कत जल्द कम हो सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक डिजिटल रुपये से ऑफलाइन भुगतान की संभावनाओं पर काम कर रहा है। इसके लिए ब्लूटूथ और एनएफसी (नियर फील्ड कम्युनिकेशन) जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करने वाले विकल्पों की पड़ताल की जा रही है। इसका मकसद ऐसे इलाकों और परिस्थितियों में डिजिटल भुगतान संभव बनाना है, जहां इंटरनेट उपलब्ध नहीं है या कनेक्टिविटी बेहद कमजोर है।
ऑफलाइन भुगतान के लिए तकनीकी समाधान
आरबीआई के अनुसार डिजिटल रुपये के ऑफलाइन फीचर से सीमित या बिना इंटरनेट कनेक्टिविटी वाले स्थानों पर लेन-देन संभव बनाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल अलग-अलग तकनीकी समाधान तलाशे जा रहे हैं। इनमें एक विकल्प ऐसा है जिसमें इंटरनेट के बिना भी दूरसंचार कनेक्टिविटी की जरूरत हो सकती है, जबकि दूसरे विकल्प में एनएफसी के जरिए पास-पास मौजूद उपकरणों के बीच लेन-देन का परीक्षण किया जा रहा है। आरबीआई अपने इनोवेशन प्लेटफॉर्म के जरिये भी ऐसे डिजिटल भुगतान समाधानों को प्रोत्साहित कर रहा है।
डिजिटल रुपया और यूपीआई के बीच का भेद
डिजिटल रुपया और यूपीआई को एक समझना सही नहीं है। ‘ई’₹ आरबीआई की डिजिटल मुद्रा है, जबकि यूपीआई भुगतान का एक माध्यम है। डिजिटल रुपये को डिजिटल वॉलेट में रखा जा सकता है और इसका इस्तेमाल व्यक्ति या दुकानदार को भुगतान करने के लिए किया जा सकता है। दूसरी ओर, यूपीआई आमतौर पर बैंक खाते से दूसरे खाते या दुकानदार को तत्काल धन हस्तांतरण की सुविधा देता है। हालांकि दोनों के बीच कुछ जुड़ाव भी है। आरबीआई के मुताबिक ‘ई’₹ ऐप से यूपीआई क्यूआर कोड स्कैन करके भी दुकानदार को भुगतान किया जा सकता है।
ऑफलाइन 'ई'₹ की स्थिति
अभी आम लोगों के लिए शुरू नहीं हुआ ऑफलाइन ‘ई’₹।
आरबीआई ने साफ किया है कि बिना इंटरनेट वाला ‘ई’ भुगतान अभी बड़े पैमाने पर आम लोगों के लिए शुरू नहीं हुआ है। फिलहाल इसके अलग-अलग तकनीकी विकल्पों का परीक्षण किया जा रहा है। इसलिए इसकी अंतिम तकनीक, लेन-देन की सीमा, सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों के लिए लॉन्च की तारीख को लेकर अभी कोई निश्चित घोषणा नहीं हुई है।
डिजिटल रुपये का पायलट प्रोजेक्ट
डिजिटल रुपया फिलहाल खुदरा और थोक दोनों क्षेत्रों में पायलट चरण में है। आरबीआई के अनुसार ‘ई’₹ को बैंकों और गैर-बैंक संस्थाओं के डिजिटल वॉलेट में रखा जा सकता है। इससे व्यक्ति-से-व्यक्ति और व्यक्ति-से-दुकानदार भुगतान किया जा सकता है। ‘ई’₹ वॉलेट में न्यूनतम राशि रखने की जरूरत नहीं है और इसके इस्तेमाल पर अलग से शुल्क नहीं है।
पहले से ऑफलाइन भुगतान की व्यवस्था
आरबीआई ने छोटे मूल्य के डिजिटल भुगतान के लिए ऑफलाइन व्यवस्था का ढांचा पहले ही तैयार किया है। 2022 में जारी ढांचे के तहत कार्ड, वॉलेट और मोबाइल उपकरणों के जरिए बिना इंटरनेट या दूरसंचार कनेक्टिविटी के भी कुछ ऑफलाइन भुगतान की अनुमति दी गई थी। इसके तहत भुगतान आमने-सामने यानी निकट दूरी पर किया जाता है। बाद में यूपीआई लाइट एक्स के जरिये एनएफसी आधारित ऑफलाइन भुगतान की सुविधा भी विकसित की गई।

