आरबीआई के नए नियम लागू, पेमेंट लेने में निर्यातकों को लानी होगी तेजी
मुरादाबाद। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने विदेशों से निर्यात भुगतान के लिए नए नियम लागू किए हैं, जो नौ महीने की समय सीमा को बनाए रखने के तहत हैं। निर्यातक जल्दी भुगतान प्राप्त करने के लिए प्रयास करेंगे, जबकि छोटे और मध्यम निर्यातकों को इससे मायूसी का सामना करना पड़ेगा।

मुरादाबाद। विदेशों को माल भेजने पर वहां से भुगतान मिलने के संबंध में आरबीआई (रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) की ओर से नए नियम गुरुवार से लागू कर दिए गए हैं। जिसके अंतर्गत आरबीआई ने निर्यात भुगतान के लिए नौ महीने की समय सीमा को बरकरार रखा है। जिसके परिप्रेक्ष्य में निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से पेमेंट कम से कम समय के अंदर प्राप्त करने को अपने दम पर प्रयास करने होंगे। मुरादाबाद में यंग एंटरप्रेन्योर सोसाइटी (यस) के अध्यक्ष जेपी सिंह ने बताया कि हस्तशिल्प निर्यातक पेमेंट की मौजूदा समय सीमा को घटाकर 180 दिन कर दिए जाने की उम्मीद लगा रहे थे।
आरबीआई द्वारा यह सीमा बरकरार रखने से निर्यातकों को मायूसी महसूस हुई है। विशेष रूप से छोटे और मध्यम निर्यातक ज्यादा मायूस होंगे। तमाम विदेशी खरीदारों में पेमेंट देर से करने की प्रवृत्ति बढ़ी है। शिपिंग बिल जारी होने के नौ महीने तक पेमेंट मिलना आरबीआई द्वारा वैध किया गया है। पेमेंट मिलने में ज्यादा समय लगने से निर्यातकों की वर्किंग कैपिटल फंसती है।आरबीआई द्वारा समय सीमा घटा दी जाती तो इसका हवाला देकर निर्यातक अपने बायर्स पर जल्दी पेमेंट करने का जोर देने में ज्यादा सक्षम हो सकते थे। अब निर्यातकों को अपने ही दम पर पेमेंट जल्दी प्राप्त करने के प्रयास करने होंगे। मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवेदउर्रहमान ने बताया कि निर्यातकों को पेमेंट की समय सीमा घटाकर 180 दिन कर दिए जाने की काफी उम्मीद थी। जोकि पूरी नहीं हो पाई।


