विद्युत आपूर्ति और जनसेवा में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: एमडी
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बाबूगढ़ क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने सब स्टेशन की व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कई बिंदुओं पर जोर दिया, जिसमें शिकायत निस्तारण में तेजी शामिल है।

पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बाबूगढ़ क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्थाओं को परखा। प्रबंध निदेशक ने बाबूगढ़ स्थित विद्युत उपकेंद्र का बारीकी से अवलोकन किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के संबंध में कड़े दिशा निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने सब स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, कंट्रोल रूम और यार्ड के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं तक बिना किसी रुकावट के सुचारू बिजली पहुंचाना विभाग का प्राथमिक कर्तव्य है। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट किया कि बिजली व्यवस्था में किसी भी स्तर पर पाई जाने वाली खामियों को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाए।
बिजली आपूर्ति में व्यवधान रोकने के उपाय
प्रबंध निदेशक ने विद्युत आपूर्ति में आने वाले व्यवधानों को रोकने और उपकेंद्र की व्यवस्था सुधारने के लिए मुख्य रूप से चार प्रमुख बिंदुओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने वृक्षों की कटाई-छंटाई, विद्युत लाइनों को सुचारू रूप से चलाने और पेड़ों की टहनियों के संपर्क में आने से होने वाले फॉल्ट को रोकने के लिए नियमित रूप से वृक्षों की कटाई-छंटाई कराने के सख्त निर्देश दिए। सब स्टेशन और यार्ड की स्वच्छता को लेकर सब स्टेशन परिसर, यार्ड तथा कंट्रोल रूम को पूरी तरह स्वच्छ, व्यवस्थित और धूल-मुक्त रखने के निर्देश जारी किए।
उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार
उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रबंध निदेशक ने शिकायत निस्तारण में तेजी और गुणवक्ता से उपभोक्ताओं से प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी न हो। पिछले समर पीक के अनुभवों और लोड डेटा का गहन विश्लेषण करते हुए आगामी गर्मियों के सीजन के लिए अभी से अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने कड़े लहजे में स्पष्ट किया कि विद्युत आपूर्ति और जनसेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करें।


