जगन्नाथपुर में मंदिर परिसर से रथ यात्रा रहेगा ‘नो प्लास्टिक जोन’
रांची के जगन्नाथपुर में रथ यात्रा के दौरान मंदिर परिसर और रथ यात्रा मार्ग को 'नो प्लास्टिक जोन' घोषित किया गया है। सभी श्रद्धालुओं और दुकानदारों से पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों का उपयोग करने की अपील की गई है। रथ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है।

रांची, वरीय संवाददाता। जगन्नाथपुर में मंदिर परिसर से लेकर पूरा रथ यात्रा मार्ग ‘नो प्लास्टिक जोन’ रहेगा। सिंगल यूज प्लास्टिक व प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग, क्रय-विक्रय व वितरण पूरी तरह रोक रही है। शुक्रवार को रथ यात्रा के सफल, सुरक्षित, स्वच्छ व सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मेयर रोशनी खलखो व नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के वरीय पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से रथ यात्रा मार्ग व मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।
व्यवस्थाओं पर तेजी से काम
साथ ही व्यवस्था बनाने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए। निगम ने दुकानदारों, श्रद्धालुओं व आम नागरिकों से अपील कि वे कपड़े, जूट या अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का ही उपयोग करें। इससे पहले निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर से लेकर संपूर्ण रथ यात्रा मार्ग, मेला क्षेत्र व श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थल पर गहन अवलोकन किया गया।
भक्तों की सुविधा को प्राथमिकता
स्वच्छता, अतिक्रमण, यातायात, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, जल निकासी, अतिक्रमण, सुरक्षा और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर संबंधित शाखाओं के पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही करने निर्देश दिए गए।
बेहतर आयोजन का दिलाया भरोसा
निगम ने कहा कि रथ यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार युद्धस्तर पर पूरी की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मेयर ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा रांची की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है। प्रत्येक वर्ष लाखों श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होते हैं। निगम का प्रयास है कि इस वर्ष की रथ यात्रा स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण हो। नगर आयुक्त ने कहा कि ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाएं एवं जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। निगम की सभी शाखाओं को समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि रथ यात्रा का आयोजन सफल, गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
पदाधिकारियों को क्या-क्या निर्देश दिए गए
मंदिर परिसर समेत पूरे मेला क्षेत्र में नियमित अंतराल पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। अतिरिक्त सफाईकर्मियों की प्रतिनियुक्ति हो और निरंतर कचरा संग्रहण व निष्पादन सुनिश्चित हो। क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को हर समय सक्रिय रखा जाए। जलजमाव या अन्य आपात स्थिति से निपटने को जरूरी संसाधनों की पहले से तैनाती हो। रथ यात्रा मार्ग में अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए। मेले में ठेला, दुकान व अस्थायी प्रतिष्ठानों को सड़क से पीछे व्यवस्थित रूप से स्थापित कराया जाए। जगन्नाथपुर व धुर्वा क्षेत्र की सभी खराब स्ट्रीट लाइट को तत्काल दुरुस्त किया जाए। आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त हाईमास्ट व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बिजली विभाग के साथ समन्वय कर खुले बिजली के तारों को सुरक्षित किया। रथ यात्रा मार्ग के किनारे झुके पेड़ों की छंटाई, झाड़ियों व घास की कटाई हो। - मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में चलंत शौचालय और पेयजल के लिए वाटर टैंकर स्थापित किया जाय। साथ ही क्षेत्र में स्थापित सभी एचवाईडीटी व मिनी एचवाईडीटी को पूरी तरह क्रियाशील व सुव्यवस्थित रखने और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। - दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगन्नाथपुर क्षेत्र स्थित रांची नगर निगम का आश्रय गृह 24 घंटे संचालित रहेगा, जहां श्रद्धालु निशुल्क विश्राम कर सकेंगे। - रथ यात्रा मार्ग में जहां भी गड्ढे या सड़क की क्षति पाई गई है, उन्हें स्टोन डस्ट एवं अन्य आवश्यक सामग्री से भरकर समतल करने को कहा गया।


