महिला ने जन्मे दो सिर, चार हाथ वाले अनोखे जुड़वा बच्चे
करारी कस्बे के निजी अस्पताल में यशोदा देवी ने दो सिर, चार हाथ और एक ही धड़ वाले जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। जन्म के बाद बच्चों को सांस लेने में दिक्कत हुई और दोनों के थोड़े समय बाद ही मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया और डॉक्टरों ने इसे डाइसेफेलिक पैरापेजस का दुर्लभ मामला बताया।
मंझनपुर (कौशाम्बी), संवाददाता। करारी कस्बा स्थित निजी अस्पताल में एक दुर्लभ चिकित्सकीय घटना सामने आई है। मंगलवार रात यहां क्षेत्र के तियरा जमालपुर गांव की रहने वाली यशोदा देवी ने दो सिर, चार हाथ और एक ही धड़ वाले जुड़वा शिशुओं को जन्म दिया। इस अनोखी शारीरिक बनावट को देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। हालांकि थोड़े अंतरालों में दोनों शिशुओं की मौत हो गई। इसे लेकर परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों के अनुसार, यशोदा देवी पत्नी अमर सिंह गर्भावस्था के दौरान सामान्य जांच कराती रहीं। लेकिन, अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में कुछ असामान्यताएं दिखने के बावजूद इतनी दुर्लभ स्थिति की कल्पना किसी ने नहीं की थी।
ऑपरेशन से जन्मे इन जुड़वा बच्चों में दो पूर्ण विकसित सिर, चार हाथ और एक साझा धड़ था। जबकि निचला हिस्सा सामान्य प्रतीत हो रहा था। डॉक्टरों के मुताबिक, यह डाइसेफेलिक पैरापेजस या इसी तरह की दुर्लभ कंजॉइंड ट्विंस की श्रेणी में आता है, जो दुनिया भर में बहुत कम देखा जाता है। जन्म के बाद बच्चों को सांस लेने में दिक्कत हुई तो ऑक्सीजन सपोर्ट के लिए निजी अस्पताल के चिकित्सक ने उनको संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां बुधवार की सुबह लगभग सात बजे एक बच्चे की सांस थम गई। इस पर ऑपरेशन कर बच्चों का शरीर धड़ से अलग किए जाने की जरूरत बताते हुए डॉक्टरों ने परिवार को एसआरएन प्रयागराज जाने की सलाह दी। लेकिन परिजन सीधे घर गए और निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराने के लिए रुपयों का बंदोबस्त करने लगे। इसी बीच दूसरे बच्चे की भी मौत हो गई।


