चार साल की बच्ची से दुष्कर्म, भीड़ ने आरोपी के घर में की तोड़फोड़
सिंगाही (लखीमपुर खीरी) में रविवार को एक 4 वर्षीय बच्ची के साथ 65 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, हिन्दूवादी संगठनों ने आरोपी के घर पर तोड़फोड़ की और जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है।

सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। थाना सिंगाही क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह चार वर्षीय बच्ची से पड़ोस में रहने वाले गैर समुदाय के 65 साल के बुजुर्ग ने दुष्कर्म किया। मामला दो समुदायों का होने की वजह से इलाके में तनाव फैल गया। हिन्दूवादी संगठन के लोगों ने आरोपी के घर घुसकर तोड़फोड़ की। मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर रोड जाम कर प्रदर्शन किया। उधर, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बच्ची को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। परिजनों का आरोप है कि सुबह बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। गांव का 65 वर्षीय खलील पांच रुपये देने का झांसा देकर बच्ची को अपने घर ले गया।
वहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची लहूलुहान हालत में रोते हुए घर पहुंची और मां को आपबीती बताई और बेहोश हो गई। परिजनों के आरोपी के घर पहुंचने पर विवाद हो गया। आरोप है कि आरोपी फावड़ा लेकर उन्हें मारने के लिए दौड़ा लिया। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। परिजनों और कार्यकर्ताओं ने सिद्ध बाबा मंदिर के पास पनवारी मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। सीओ निघासन शिवम कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर सिंगाही थाने में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।


