खेल : सूर्यकुमार के लिए मुंबई टीम में जगह नहीं

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

पूर्व चैंपियन टीम ने सूर्यकुमार यादव को रणजी ट्रॉफी की 16 सदस्यीय टीम में नहीं चुना है। उन्होंने सत्र पूर्व शिविर से अनुपस्थित रहने का खामियाजा भुगता है। मुंबई क्रिकेट संघ के मुख्य चयनकर्ता ने उनकी फॉर्म पर चिंता जताई है। हालांकि, सूर्यकुमार के लिए टीम में वापसी के दरवाजे अभी भी खुले हैं।

खेल : सूर्यकुमार के लिए मुंबई टीम में जगह नहीं

रणजी ट्रॉफी : पूर्व चैंपियन टीम ने यादव को 16 सदस्यीय टीम में नहीं दी जगह, राष्ट्रीय टीम के तीनों प्रारूप से पहले ही बाहर हो चुके हैं सूर्यकुमार के लिए मुंबई टीम में जगह नहीं

मुकाबले की तारीख

11 अक्तूबर से शुरुआत होगी रणजी ट्रॉफी के मैचों की

खिताबी मुकाबला

27 फरवरी 2027 को खेला जाएगा खिताबी मुकाबला

टूर्नामेंट की संरचना

38 टीमों के बीच कुल 135 मुकाबले खेले जाएंगे

बिजेता का रिकॉर्ड

42 सर्वाधिक खिताब मुंबई ने अब तक जीते हैं

गैरहाजिरी का प्रभाव

शिविर से गैरहाजिरी का खामियाजा

सूर्यकुमार यादव का सत्र पूर्व शिविर से लगातार अनुपस्थित रहना मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम से उनके बाहर होने की प्रमुख वजह माना जा रहा है। मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के एक सूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह भा कहा जा रहा है कि चयनकर्ता लाल गेंद क्रिकेट में उनकी फॉर्म को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे। सूत्र ने कहा, आखिर यह टीम खेल है। उनके पास पिछले कुछ समय में लाल गेंद के क्रिकेट का अनुभव नहीं है और सूर्यकुमार को लेकर सभी एकमत थे। अन्यथा चयनकर्ताओं को किसी युवा खिलाड़ी को बाहर करना पड़ता जो ‘उचित नहीं लगता’।

मुख्य चयनकर्ता का बयान

दूसरी ओर, मुंबई के मुख्य चयनकर्ता रमेश पवार ने सूर्यकुमार की गैरमौजूदगी की अलग वजह बताई। उन्होंने कहा, वह निश्चित रूप से बड़े मैच के और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 18 महीनों से कोई लाल गेंद का मैच नहीं खेला है, इसलिए हम चाहते हैं कि वह कुछ मैच खेलें और फिर टीम में जगह बना सकें।

मुंबई, एजेंसी। भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के सितारे गर्दिश में हैं। राष्ट्रीय टीम के तीनों प्रारूपों में जगह नहीं बना पाने के बाद भारत के पूर्व टी-20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार को अब मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम से भी बाहर कर दिया गया है। मुंबई 11 अक्तूबर से चंडीगढ़ के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

उपलब्धता की जानकारी

उपलब्धता की जानकारी दी थी : सूर्यकुमार ने चयन के लिए खुद को उपलब्ध कराया था, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल नहीं किया। रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यकुमार ने मुंबई की चयन समिति को संदेश भेजकर अपनी उपलब्धता की जानकारी भी दी थी। सूर्यकुमार राष्ट्रीय टीम में स्थान गंवाने के बाद घरेलू क्रिकेट में लौटे हैं। हालांकि उन्होंने टीम की घोषणा से पहले आयोजित सत्र पूर्व प्रशिक्षण सत्रों में हिस्सा नहीं लिया था। उन्होंने बाद में खुद को चयन के लिए उपलब्ध बताया था।

मुंबई के लाल गेंद के क्रिकेटर पिछले एक महीने से अभ्यास कर रहे हैं और मंगलवार को भी यहां क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया तथा मुंबई क्रिकेट संघ के बीकेसी मैदान में उनका अभ्यास जारी रहा।

संपर्क में कमी

पहले जवाब नहीं दिया : करीब 10 दिन पहले जब मुंबई टीम के चयन के लिए सूर्यकुमार से संपर्क किया गया था तब भी उन्होंने जवाब नहीं दिया था और बाद में उन्होंने खुद को उपलब्ध बताया था। हालांकि लाल गेंद के क्रिकेट में अनुभव की कमी और 42 बार की रणजी ट्रॉफी चैंपियन मुंबई के सत्र पूर्व शिविर में हिस्सा नहीं लेने के कारण सूर्यकुमार को 11 से 14 अक्तूबर तक वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले सत्र के शुरुआती मुकाबले के लिए मुंबई की 16 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली।

वापसी के दरवाजे

पर अब भी मौका : 36 वर्षीय सूर्यकुमार के लिए मुंबई टीम में वापसी के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। आईपीएल के तुरंत बाद वह टी-20 मुंबई लीग में खेलते नजर आए थे। उन्हें दावेदारी में लौटने के लिए एमसीए द्वारा आयोजित क्लब क्रिकेट प्रतियोगिताओं जैसे पुलिस शील्ड या पुरुषोत्तम शील्ड टूर्नामेंट में खेलना होगा।

हालांकि सफेद गेंद के क्रिकेट में सूर्यकुमार की दावेदारी को लेकर यथास्थिति बरकरार है। मुंबई के चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार को बताया है कि 2026-27 सत्र में होने वाले आगामी घरेलू टूर्नामेंट के लिए उनके नाम पर विचार किया जाएगा।

कप्तानी की संभावनाएं

कप्तानी भी मिल सकती है : इस साल की शुरुआत में भारत को अपनी कप्तानी में तीसरा टी-20 विश्व कप खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार मुंबई की कप्तानी के दावेदार हैं लेकिन उन्हें यह जिम्मेदारी तभी मिलेगी जब राष्ट्रीय टीम में उनके उत्तराधिकारी श्रेयस अय्यर उपलब्ध नहीं होंगे। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शुरुआती मुकाबले के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि की और उन्हें 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर में होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले रणजी मुकाबला उनके लिए अहम मैच अभ्यास का मौका होगा।

इस बीच मुंबई के पूर्व कप्तान और भारत के हरफनमौला खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर ट्रेनिंग के दौरान हाथ में चोट लगने के कारण कम से कम एक महीने के लिए बाहर हो गए हैं और रणजी ट्रॉफी के कुछ मुकाबले नहीं खेल पाएंगे।

फिटनेस टेस्ट

म्हात्रे, लाड फिटनेस टेस्ट में पास : म्हात्रे आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट के कारण करीब पांच महीने तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहे थे। उन्होंने और कप्तान सिद्धेश लाड ने हाल ही में बीकेसी इंडोर सुविधा में फिटनेस टेस्ट पास किया। सिद्धेश लाड के इस सत्र में मुंबई की अगुआई करने की संभावना है। रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले के लिए मुंबई की टीम में भारत के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान के अलावा शम्स मुलानी और तुषार देशपांडे भी शामिल हैं। ये खिलाड़ी हाल में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में भारत ए की 1-0 से जीत का हिस्सा थे।

मुंबई की टीम

सिद्धेश लाड (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, आयुष म्हात्रे (उपकप्तान), दिव्यांश सक्सेना, मुशीर खान, सरफराज खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा, ओंकार तर्मले।

FAQs

✦सूर्यकुमार यादव का रणजी ट्रॉफी में चयन क्यों नहीं हुआ?−
सूर्यकुमार यादव का सत्र पूर्व शिविर से लगातार अनुपस्थित रहना मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम से बाहर होने की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsखेल : सूर्यकुमार के लिए मुंबई टीम में जगह नहीं