गांव-कस्बों से नई खेल प्रतिभाओं की तलाश करेगा रांची विश्वविद्यालय
रांची विश्वविद्यालय में हुई स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की बैठक में खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। कुलपति ने कहा कि नई प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करना महत्वपूर्ण है। सुमराय टेटे ने training camp की सलाह दी। विभिन्न खेलों के आयोजन की रणनीति बनाई गई।

रांची, विशेष संवाददाता। रांची विश्वविद्यालय में मंगलवार को स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की बैठक कुलपति प्रो सरोज शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें विश्वविद्यालय की खेल प्रतिभाओं की तलाश, प्रशिक्षण व बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और 2026-27 में विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन की रणनीति पर चर्चा की गई। गांव-कस्बों से भी खेल प्रतिभाओं की तलाश पर भी मंथन किया गया। कुलपति ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय शुरू से ही खेल प्रतिभाओं का धनी रहा है। हमारा दायित्व है कि नई प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएं, ताकि वे बड़े स्तर पर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने कहा, एशियाड में स्वर्ण पदक विजेता हॉकी टीम की सदस्य रहीं सलीमा टेटे और निक्की प्रधान आरयू की छात्रा रही हैं। हाल में जूनियर हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में चीन को हरानेवाली भारतीय टीम की सदस्य पार्वती कुमारी और विनीमा धान भी विश्वविद्यालय की छात्राएं हैं। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से स्पष्ट है कि विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत ऐसी प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है。
सुमराय टेटे प्रशिक्षण पर दिया जोर
बैठक में ध्यानचंद अवॉर्डी सुमराय टेटे ने खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए 2-3 हफ्ते के प्रशिक्षण शिविर की सलाह दी। साथ ही, सिर्फ ट्रायल या एक स्थान तक सीमित रहने के बजाय ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से प्रतिभाएं तलाशने पर जोर दिया।
खिलाड़ी-कोच का होगा बीमा, कॉलेजों में टूर्नामेंट अनिवार्य
बैठक में खेल टूर्नामेंट में भाग लेने वाली विश्वविद्यालय की टीम के खिलाड़ियों और कोच के लिए बीमा योजना लागू करने का निर्णय हुआ। खिलाड़ियों के लिए दी जाने वाली डीए राशि 500 रुपये और कोच व मैनेजर के लिए 700 रुपये निर्धारित करने पर सहमति बनी। बैठक में कबड्डी और खो-खो के लिए मैट खरीदने का भी निर्णय लिया गया। कॉलेजों में टूर्नामेंट का आयोजन अनिवार्य करने पर सहमति बनी।
12 खेलों के आयोजन पर बनाई गई रणनीति
2026-27 के लिए अंतर कॉलेज खेलों की चयन समितियों की सूची जारी की गई। ईस्ट जोन व अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय, अंतर कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं, ट्रायल व चयन के बजट पर चर्चा हुई। वॉलीबॉल और क्रिकेट बॉल की खरीद पर सहमति बनी। 2026-27 में विश्वविद्यालय में 12 खेलों के आयोजन की रणनीति बनाई गई। वित्त पदाधिकारी डॉ दिलीप प्रसाद ने खो-खो और कबड्डी के लिए टर्फ उपलब्ध कराने की बात कही। तीरंदाजी के लिए अन्य कॉलेजों में भी मैदान तलाशने का निर्णय लिया गया। रजिस्ट्रार डॉ राजकुमार शर्मा ने कहा कि विवि दूरदराज क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभाओं को खोजने और उन्हें अवसर देने पर ध्यान देगा।
इन तिथियों पर खेलों के आयोजन का प्रस्ताव
प्रस्तावित खेल कैलेंडर में हॉकी (पुरुष) बिरसा कॉलेज खूंटी 7-9 अक्तूबर, फुटबॉल (पुरुष) केसीबी कॉलेज बेड़ो 24-28 अक्तूबर, क्रिकेट (पुरुष) बीएस कॉलेज, लोहरदगा 1-5 दिसंबर, वॉलीबॉल (पुरुष) संत जेवियर कॉलेज रांची 12-15 अक्तूबर, एथलेटिक्स (महिला-पुरुष) एसएस मेमोरियल कॉलेज 21-23 नवंबर, कबड्डी (पुरुष) आरएलएसवाई कॉलेज (संपन्न), फुटबॉल (महिला) केओ कॉलेज गुमला 26-28 नवंबर, तीरंदाजी (महिला-पुरुष) सिल्ली कॉलेज सिल्ली 5-6 नवंबर, वुशू (महिला-पुरुष) सिल्ली कॉलेज सिल्ली 2-4 नवंबर, बैडमिंटन (महिला) रांची वीमेंस कॉलेज 5-7 नवंबर, बैडमिंटन (पुरुष) डोरंडा कॉलेज 5-7 नवंबर और खो-खो (पुरुष-महिला) जेएन कॉलेज धुर्वा 20-22 जनवरी 2027 शामिल हैं।
खेल उपलब्धियां बताई गईं
खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ अनिल बीरेंद्र कुल्लू ने खेल रिपोर्ट पेश की। बताया कि आरयू की 2025-26 की खेल रिपोर्ट के अनुसार, पुरुष फुटबॉल टीम ईस्ट जोन चैंपियन बनकर खेलो इंडिया के लिए क्वालीफाई हुई। महिला फुटबॉल द्वितीय, महिला हॉकी तृतीय (राष्ट्रीय स्तर पर चतुर्थ) तथा तीरंदाजी टीम ने भी खेलो इंडिया के लिए क्वालीफाई किया। वुशू टीम उपविजेता रही (5 स्वर्ण, 4 रजत, 4 कांस्य) और महिला क्रिकेट टीम चतुर्थ स्थान के साथ ऑल इंडिया टूर्नामेंट में पहुंची।
बैठक में ये लोग हुए उपस्थित
बैठक में डीएसडब्ल्यू डॉ सुदेश कुमार साहू, रजिस्ट्रार डॉ राजकुमार शर्मा, वित्त पदाधिकारी डॉ दिलीप प्रसाद, गणित विभागाध्यक्ष डॉ अबरार अहमद, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल कोच राजेश कुमार सिंह, डीएसओ शिवेंद्र कुमार सिंह, अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच विनोद कुमार सिंह, संत जेवियर कॉलेज के डॉ राम मुर्मू, डोरंडा कॉलेज के सैमी कुमार सिंह, खेल प्रशिक्षक चंचल भट्टाचार्य सहित अन्य शामिल थे।

