आरयू: आईपीआर का प्रश्नपत्र सिर्फ अंग्रेजी में, उलझे विद्यार्थी
रांची विश्वविद्यालय में सोमवार को एफवाईयूजीपी द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा में हिंदी माध्यम के छात्रों को समस्या का सामना करना पड़ा। कॉमर्स संकाय की परीक्षा में केवल अंग्रेजी में प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया, जबकि यह दोनों भाषाओं में होना चाहिए था। इससे छात्रों को प्रश्न समझने और उत्तर लिखने में कठिनाई हुई।

रांची, विशेष संवाददाता। रांची विश्वविद्यालय में चार वर्षीय स्नातक (एफवाईयूजीपी) के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान सोमवार को परीक्षार्थियों के लिए भाषाई परेशानी खड़ी हो गई। कॉमर्स संकाय की परीक्षा में सिर्फ अंग्रेजी भाषा में प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया, जबकि विश्वविद्यालय के प्रावधान के अनुसार प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होना चाहिए। इससे हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों को प्रश्न समझने में काफी कठिनाई हुई और उन्हें उत्तर लिखने में अपेक्षा से अधिक समय लग गया। निर्मला कॉलेज में परीक्षा के दौरान हिंदी माध्यम की छात्राओं ने शिक्षकों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई। जेएन कॉलेज धुर्वा सहित अन्य कॉलेजों में भी विद्यार्थियों को परेशानी हुई।
परीक्षार्थियों का कहना था कि अधिकांश विद्यार्थी हिंदी माध्यम से पढ़ाई करते हैं, इसलिए सिर्फ अंग्रेजी में प्रश्नपत्र मिलने से उन्हें प्रश्नों का आशय समझने में परेशानी हुई। उनका कहना है कि द्विभाषिक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया जाता तो परीक्षा बेहतर ढंग से दे पाते।


