एसएससी पूर्वी क्षेत्र के चयन पदों के लिए तीन केंद्रों पर होगी परीक्षा
रांची, वरीय संवाददाता। एसएससी पूर्वी क्षेत्र कोलकाता की परीक्षा 16 से 26 सितंबर तक तीन केंद्रों पर होगी। गड़बड़ी रोकने के लिए 200 मीटर क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गई है। पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

रांची, वरीय संवाददाता। एसएससी पूर्वी क्षेत्र कोलकाता की ओर से चयन पदों की परीक्षा चरण 14/2026 16 से 26 सितंबर तक रांची के तीन केंद्रों पर होगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। अनुमंडल दंडाधिकारी सदर रांची कुमार रजत ने की ओर से जारी आदेश के अनुसार निषेधाज्ञा 16 से 26 तक प्रतिदिन सुबह 5 से रात 9:30 बजे तक प्रभावी रहेगी। हालांकि, 20 सितंबर को इससे छूट दी गई है। परीक्षा तीन पालियों में सुबह आठ से शाम 6:30 बजे तक होगी। परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासन ने पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की है।
परीक्षा केंद्र
परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्रों में आइडियल इंटरनेशनल स्कूल दलादली, कैपस्टोन टेक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर कांके व कैम्ब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी टाटीसिलवे शामिल हैं। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की हैं।
निषेधाज्ञा का आदेश
आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक रहेगी। सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इससे मुक्त रखा गया है। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, अस्त्र-शस्त्र या हरवे-हथियार लेकर चलने, बैठक अथवा आमसभा आयोजित करने पर भी रोक रहेगी।


