आजम पर दर्ज केस में विवेचना शुरू, पुलिस ने ईडी से मांगा रिकार्ड
रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण खर्च का हिसाब न मिलने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू की है। अजीमनगर थाने में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस ने ईडी से साक्ष्य और दस्तावेज मांगे हैं। जांच में 59 इमारतों की लागत, ट्रस्ट के लेखा रिकॉर्ड, धन के स्रोत और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की पड़ताल होगी।

रामपुर। मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में 416.14 करोड़ रुपये के खर्च का हिसाब न मिलने के मामले में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। अजीमनगर थाने में दर्ज मामले की जांच के लिए पुलिस ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से साक्ष्य और संबंधित दस्तावेज मांगे हैं। ईडी की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले अभिलेख विवेचना की दिशा तय करने में अहम होंगे। जांच में यूनिवर्सिटी के निर्माण पर हुए खर्च, धन के स्रोत और सरकारी धन के कथित इस्तेमाल से जुड़े बिंदुओं को खंगाला जाएगा। ईडी की ओर से अजीमनगर थाने में बीते मंगलवार की आधी रात में दर्ज कराई गई एफआईआर में यूनिवर्सिटी के निर्माण में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप हैं।
जांच एजेंसी के मुताबिक, जिला स्तरीय मूल्यांकन रिपोर्ट में विश्वविद्यालय की 59 इमारतों की निर्माण लागत 494.46 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जबकि ट्रस्ट के लेखा अभिलेखों में 416.14 करोड़ रुपये के खर्च का हिसाब नहीं मिला। इसी आधार पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में दर्ज एफआईआर में जौहर ट्रस्ट, एसएस एसोसिएट्स और सीके एसोसिएट्स समेत पांच आरोपियों के नाम शामिल हैं। पुलिस अब मामले से संबंधित दस्तावेजों, निर्माण कार्यों के रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल करेगी। इस प्रकरण की विवेचना सीओ टांडा पंकज पंत की ओर से जा रही है। पुलिस ने ईडी से अभिलेख मांगे हैं। इसी के आधार पर यह जांच की जाएगी कि निर्माण कार्यों में कितनी रकम खर्च हुई, उसका लेखा-जोखा कहां दर्ज है और धनराशि के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों में क्या साक्ष्य उपलब्ध हैं।

