रामगंगा का रौद्र रूप, हजारों बीघा फसल जलमग्न
मिर्जापुर। रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती क्षेत्रों में फसलें जलमग्न हो गई हैं। बाढ़ के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और ग्रामीण जोखिम में हैं। कई गांवों में स्थिति बिगड़ गई है। हालाँकि, कुछ स्थानों पर जलस्तर में गिरावट की सूचना है।

मिर्जापुर। रामगंगा नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर ने तटवर्ती क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नदी के तेज बहाव और बाढ़ के पानी से हजारों बीघा धान व सब्जियों की फसलें जलमग्न हो गई हैं। खेत-खलिहानों में पानी भरने से किसानों के सामने फसल बर्बादी का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, संपर्क मार्गों पर पानी के तेज बहाव से कटान होने के कारण आवागमन भी प्रभावित है। कई स्थानों पर ग्रामीण जान जोखिम में डालकर बाढ़ के पानी के बीच से निकलने को मजबूर हैं। मिर्जापुर क्षेत्र से होकर गुजर रही रामगंगा नदी की बाढ़ से खादर क्षेत्र के तटवर्ती इलाकों सहित अनेक गांवों में हालात बिगड़ गए हैं। तारापुर, देवनगर, कुंडरी, बीघापुर, मौजमपुर और पहरूआ समेत कई गांवों को ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर बाढ़ का पानी लगातार बह रहा है। पानी के तेज बहाव से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है。
फसल प्रभावित
रामगंगा की बाढ़ से सोहड़, कुंडरी, मईधीरगंज, दहेलिया, धिरोला, माधौपुर, पहाड़पुर, सिठौली, भरतापुर, हरिहरपुर, छोटी कुनिया, बड़ी कुनिया, मड़ैया, गहवारा, अतरी समेत कई गांवों की फसले बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा आलमगंज, गुलड़िया, तारापुर, पाठकपुर, कुतलुपुर, सिंगापुर, औरंगाबाद, कम्मरपुर, इस्माइलपुर और मिर्जापुर, बहेरिया, सादिकपुर समेत कई गांवो में अभी भी धान की खड़ी फसल पानी में डूबी हुई है।
जलस्तर की स्थिति
रामगंगा का पानी स्टेट हाईवे से आबादी की ओर बढ़ रहा
मिर्जापुर। रामगंगा का पानी स्टेट हाईवे की पुलिया से होकर कस्बे के आबादी क्षेत्र की ओर भी पहुंच रहा है। कई घरों में पानी भर जाने से लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो गई है। खेतों और रास्तों में चारों ओर पानी होने से मवेशियों के लिए हरे चारे की समस्या भी गंभीर हो गई है। बाढ़ के बढ़ते दबाव को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। पहरूआ निवासी ओमेन्द्र , बीरपाल आदि ने बताया कि शनिवार शाम से रामगंगा के जलस्तर मे कुछ गिरावट देखी गई है। मार्ग पर बह रहे पानी के स्तर मे भी कमी देखी गई है।
--

