ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशRam Mandir Bhumi Pujan Live Updates: अयोध्या में राम मंदिर की नींव पड़ी, अमित शाह बोले- राम मंदिर का निर्माण PM मोदी के मजबूत और निर्णायक नेतृत्व को दर्शाता

Ram Mandir Bhumi Pujan Live Updates: अयोध्या में राम मंदिर की नींव पड़ी, अमित शाह बोले- राम मंदिर का निर्माण PM मोदी के मजबूत और निर्णायक नेतृत्व को दर्शाता

आखिरकार वह क्षण आ ही गया, जिसका तकरीबन पांच सौ सालों से रामभक्तों को इंतजार था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार दोपहर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए आधारशिला रखी। शिला में नंदा, भद्रा, जया,...

Ram Mandir Bhumi Pujan Live Updates: अयोध्या में राम मंदिर की नींव पड़ी, अमित शाह बोले- राम मंदिर का निर्माण PM मोदी के मजबूत और निर्णायक नेतृत्व को दर्शाता
आदर्श शुक्ला, कमलाकान्त सुन्दरम् ,अयोध्याWed, 05 Aug 2020 03:00 PM
ऐप पर पढ़ें

आखिरकार वह क्षण आ ही गया, जिसका तकरीबन पांच सौ सालों से रामभक्तों को इंतजार था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार दोपहर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए आधारशिला रखी। शिला में नंदा, भद्रा, जया, रिक्ता, पूर्णा, अजिता, अपराजिता, शुक्ला व सौभाग्यनी शामिल हैं। पूजन के बाद इन शिलाओं को राम मंदिर में सुरक्षित रखा जाएगा। पुन: नींव के लिए गर्भगृह का गहराई में उत्खनन होने पर रामलला के सिंहासन के ठीक नीचे इन्हें रखवाया जाएगा। इससे पहले पीएम मोदी राम जन्मभूमि मंदिर के शिलान्यास के लिए बुधवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और फिर राम जन्मभूमि क्षेत्र पहुंचकर भगवान राम को दंडवत प्रणाम किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। पारंपरिक धोती-कुर्ता पहने मोदी को हनुमानगढ़ी मंदिर के मुख्य पुजारी ने एक पटका भेंट किया। मंदिर में कुछ देर पूजा-अर्चना करने के बाद मोदी राम जन्मभूमि क्षेत्र के लिए रवाना हो गए। राम जन्मभूमि पहुंचकर प्रधानमंत्री ने भगवान राम को दंडवत प्रणाम किया और वहां पारिजात का पौधा लगाया।

Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan Live Updates:

राम मंदिर भूमि पूजन पर अमति शाह ने दी शुभकामनाएं

-आज का दिन भारत के लिए एक ऐतिहासिक व गौरवपूर्ण दिन है। प्रभु श्री राम की जन्मभूमि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भव्य राम मंदिर का भूमि पूजन व शिलान्यास किया गया, जिसने महान भारतीय संस्कृति व सभ्यता के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय लिखा है और एक नए युग की शुरुआत की है।

-अयोध्याजी में राम मंदिर निर्माण सदियों से दुनिया भर के हिंदुओं की आस्था का प्रतीक रहा है। आज पीएम मोदी और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने राम मंदिर का भूमिपूजन करके करोड़ों लोगों की आस्था को सम्मान देने का काम किया है, इसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

-प्रभु श्री राम जी के आदर्श एवं विचार भारतवर्ष की आत्मा में बसते हैं। उनका चरित्र एवं जीवन दर्शन भारतीय संस्कृति की आधारशिला है। राम मंदिर निर्माण से यह पुण्यभूमि अयोध्याजी पुनः विश्व में अपने पूर्ण वैभव के साथ जग उठेगी। धर्म और विकास के समन्वय से रोजगार के अवसर भी उत्पन्न होंगे।

-इस भव्य प्रभु श्री राम मंदिर का निर्माण पीएम मोदी के मजबूत और निर्णायक नेतृत्व को दर्शाता है। इस अविस्मरणीय दिन पर सभी भारतवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। मोदी सरकार भारतीय संस्कृति और उसके मूल्यों की रक्षा व संरक्षण के लिए हमेशा कटिबद्ध रहेगी। 

-प्रभु श्री राम मंदिर निर्माण असंख्य नाम-अनाम रामभक्तों के सदियों के निरंतर त्याग, संघर्ष, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। आज के दिन मैं उन सभी तपस्वियों को नमन करता हूँ जिन्होंने इतने वर्षों तक सनातन संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर के लिए संघर्ष किया। जय श्री राम!

 

-पीएम मोदी ने क्या कहा

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का भूमि पूजन किया और मंदिर की आधारशिला रखी। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बरसों से टाट और टेंट के नीचे रह रहे हमारे रामलला के लिए अब एक भव्य मंदिर का निर्माण होगा। टूटना और फिर उठ खड़ा होना, सदियों से चल रहे इस व्यतिक्रम से रामजन्मभूमि आज मुक्त हो गई है। 

-पीएम मोदी ने कहा कि राम हमारे मन में गढ़े हुए हैं, हमारे भीतर घुल-मिल गए हैं। कोई काम करना हो, तो प्रेरणा के लिए हम भगवान राम की ओर ही देखते हैं आप भगवान राम की अद्भुत शक्ति देखिए। इमारतें नष्ट कर दी गईं, अस्तित्व मिटाने का प्रयास भी बहुत हुआ, लेकिन राम आज भी हमारे मन में बसे हैं, हमारी संस्कृति का आधार हैं। श्रीराम भारत की मर्यादा हैं, श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना से बनी स्थितियों के कारण भूमिपूजन का ये कार्यक्रम अनेक मर्यादाओं के बीच हो रहा है। श्रीराम के काम में मर्यादा का जैसा उदाहरण प्रस्तुत किया जाना चाहिए, देश ने वैसा ही उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि देश भर के धामों और मंदिरों से लाई गई मिट्टी और नदियों का जल, वहां के लोगों, वहां की संस्कृति और वहां की भावनाएं, आज यहां की शक्ति बन गई हैं। वाकई, ये न भूतो न भविष्यति है।

-मोहन भागवत ने क्या कहा

-संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि कई लोग महामारी के कारण नहीं आ पाए, लालकृष्ण आडवाणी जी भी नहीं आ पाए हैं। देश में अब आत्मनिर्भर बनाने की ओर काम जारी है, आज महामारी के बाद पूरा विश्व नए रास्तों को ढूंढ रहा है। जैसे-जैसे मंदिर बनेगा, राम की अयोध्या भी बननी चाहिए। हमारे मन में जो मंदिर बनना चाहिए और कपट को छोड़ना चाहिए।

-संघ प्रमुख ने कहा कि पुरुषार्थ का भाव हमारे रग-रग में है। भगवान राम का उदाहरण है। सब राम के हैं और सबमें राम हैं। यह सभी भारतवासियों के लिए है। कोई अपवाद नहीं।

-मोहन भागवत ने कहा कि इस भव्य कार्य के लिए, प्रभु श्री राम जिस धर्म के लिए जाने जाते हैं, जो दुनिया को सुख-शांति का संदेश देता है, उसके लिए हमें अपने मन को भी अयोध्या बनाना है। हमें हमारे मन को मंदिर बनाना होगा।

-राम मंदिर की नींव रखे जाने के मौके पर संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि मंदिर के निर्माण से सदियों की आस पूरी होने से लोगों में आनंद का माहौल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा

-राम मंदिर की नींव रखे जाने के बाद योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस घड़ी की प्रतीक्षा में हमारी कई पीढ़ियां चली गईं। राम मंदिर के निर्माण का सपना लिए अनेक लोगों ने बलिदान दिया।

-जिस अवधपुरी का एहसास कराने के लिए 500 साल से प्रतीक्षा थी, उसकी पूरे दुनिया को, समस्त भारतवासियों की भावनाओं को मूर्त रूप देने का यह अवसर आज पूरा हुआ है: योगी आदित्यनाथ

राम मंदिर के निर्माण कार्य को भले ही राम मंदिर ट्रस्ट करे लेकिन पूरी अवधपुरी के भौतिक विकास और सांस्कृतिक विसारत को क्षुब्ध किए बिना इस नगरी को वैभवशाली बनाने के लिए हम सभी प्रतिबद्ध हैं: योगी आदित्यनाथ

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर की आधारशिला रखी।

- अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमि पूजन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। इस दौरान, पीएम के साथ यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद हैं।

- हनुमानगढ़ी का दर्शन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम जन्मभूमि परिसर में पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। पीएम मोदी ने पारिजात का पौधा भी लगाया।

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान पीएम मोदी ने वहां साधुओं से भी मुलाकात की।

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह अयोध्या पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। यहां से पीएम का काफिला हनुमान गढ़ी मंदिर के लिए रवाना हो गया।

- राम मंदिर के भूमि पूजन के दौरान आरएसएस चीफ मोहन भागवत भी मौजूद रहेंगे। वह पीएम मोदी और अन्य के साथ मंच पर भी उपस्थित होंगे।

- उमा भारती ने कहा, 'अयोध्या ने सभी को एक कर दिया है। अब यह देश पूरी दुनिया में अपना माथा ऊंचा करके कहेगा कि यहां कोई भेदभाव नहीं है।'

-प्रधानमंत्री मोदी लखनऊ पहुंचे, अब चॉपर यानी हेलीकॉप्टर से जाएंगे अयोध्या।

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या आगमन से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम जन्मभूमि परिसर में भूमि पूजन स्थल पर पहुंचे। भूमि पूजन स्थल पर तैयारियों का ले रहे हैं जायजा। अफसरों से बातचीत कर व्यवस्था को परखा। 

-राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और बीजेपी नेता मायावती भी पहुचं चुकी हैं। 

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर भूमि पूजन करने के लिए दिल्ली से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान पीएम धोती और कुर्ते में नजर आ रहे हैं।

- राम मंदिर के भूमि पूजन की जगह की तस्वीरें। आज कार्यक्रम में मंच पर होंगे पीएम मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपालदास, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

- हनुमान गढ़ी मंदिर के मुख्य पुजारी प्रेमदास जी महराज ने कहा, 'पीएम मोदी का अयोध्या दौरा हमारे लिए गर्व की बात है।

- अयोध्या के हनुमान गढ़ी मंदिर में बाबा रामदेव ने कहा, 'आज का दिन ऐतिहासिक है। यह दिन लंबे समय तक याद रखा जाएगा। मुझे पूरा विश्वास है कि राम मंदिर के निर्माण से भारत में 'रामराज्य' की स्थापना होगी।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या पहुंचने से पहले हनुमान गढ़ी मंदिर को सैनिटाइज किया गया। आज पीएम मोदी राम मंदिर का भूमि पूजन करेंगे।

- झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर राम मंदिर के शिलान्यास में राजनीति का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी बुधवार को समस्त राज्य में जिला कांग्रेस कार्यालयों तथा रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में दीप प्रज्जवलित करेगी।

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निर्धारित मुहूर्त में भूमि पूजन के साथ मंदिर निर्माण की आधारशिला का भी पूजन करेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से पीएम मोदी को कोदंड राम की काष्ठ प्रतिमा भेंट किए जाने की तैयारी है। इस प्रतिमा को बंगलुरु के रामामूर्ति ने बनाया है। उन्हें कोदंड राम काष्ठ प्रतिमा बनाने के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार मिल चुका है।

अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन से ठीक पहले ओवैसी ने ट्वीट कर कहा है कि बाबरी मस्जिद थी, है और रहेगी।

- भविष्य के साक्ष्य के लिए पूजित ताम्र शिला भी रखी जाएगी। ढाई  गुना डेढ़ फुट के इस आयताकार ताम्र पत्र का अनावण भी प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। इस ताम्र पत्र पर भूमि पूजन के आमंत्रण पत्र की इबारत को ही उत्कीर्ण कराया 
गया है। 

- जानकारी के मुताबिक, रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को लगातार प्राप्त हो रही रजत शिलाएं नींव में नहीं रखी जाएंगी। इन शिलाओं को भविष्य में मंदिर के गर्भगृह के चौखट इत्यादि में उपयोग किया जाएगा।

- रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को नींव में रखने के लिए दो कुंतल से अधिक चांदी दान में प्राप्त हुई है। यह सिलसिला अभी थमा नही है। 

- राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बहुमूल्य धातुओं के बजाए धनराशि दान की अपील की है। कहा गया कि बहुमूल्य धातुओं को रखने के लिए अभी सुरक्षित स्थान नहीं है।

- पीएम मोदी दीप प्रज्जवलित कर भूमि पूजन समारोह का शुभारंभ करेंगे और सदियों के संघर्ष में अपने प्राणों की आहुति देने वाले हुतात्माओं को श्रद्धांजलि देंगे। 

- इस अवसर पर प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से रामायण महाकोश पर आधारित डाक टिकट का  अनावरण करेंगे। इससे पहले वह लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर उतरेंगे वहां से हेलीकाप्टर के जरिये अयोध्या पहुंचेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें