एसजे डीएवी स्कूल में सीआरपीएफ जवानों के साथ मनाया गया राखी उत्सव, छात्राओं ने बांधी राखी
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर चाईबासा के एसजे डीएवी पब्लिक स्कूल में 174वीं बटालियन के जवानों के साथ राखी उत्सव मनाया गया। प्राचार्य ओपी मिश्रा ने जवानों का स्वागत किया। छात्रों ने देशभक्ति गीतों और कविताओं के माध्यम से जवानों के प्रति सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन और शांति पाठ किया गया।
चाईबासा। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर एसजे डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में सीआरपीएफ की 174वीं बटालियन के जवानों के साथ राखी उत्सव हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया।विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने 174वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट डीएन सिंह का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। छात्रा आयुषी ने गीत प्रस्तुत किया, जबकि संगीत शिक्षक ओसी दास ने देशभक्ति गीत से माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। छात्रा हर्षिता कुमारी ने राखी पर आधारित कविता प्रस्तुत की।प्राचार्य ओपी मिश्रा ने कहा कि सीआरपीएफ जवान दिन-रात देश और समाज की सुरक्षा में जुटे हैं।
रक्षाबंधन रक्षा के संकल्प का पर्व है और छात्राओं द्वारा जवानों को राखी बांधना पूरे देश की ओर से उनके प्रति सम्मान और अपनत्व का प्रतीक है।छात्राओं ने जवानों को राखी बांधकर तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र की कामना की। डिप्टी कमांडेंट डीएन सिंह ने विद्यालय परिवार का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह का सम्मान जवानों का मनोबल बढ़ाता है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और शांति पाठ के साथ हुआ।


