बागपत में बोले राकेश टिकैत -सरकार का इलाज करेंगे जेन-जी
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि आंदोलन को दबाने या प्रदर्शनकारियों को डराने के प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों के घर चिह्नित किए जा रहे हैं और उनके साथ मारपीट की कोशिश हो रही है। टिकैत ने चेतावनी दी कि हिंसा या निजी लोगों के इस्तेमाल से आंदोलन और तेज होगा।
बागपत। दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शन को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये जेन-जी सरकार का इलाज करेंगे। आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। यदि आंदोलनकारियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें डराने का प्रयास हुआ तो आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन को निजी लोगों के जरिए दबाने की कोशिश के परिणाम गंभीर हो सकते हैं। दरअसल, राकेश टिकैत सोमवार को बड़ौत में देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह की रस्म पगड़ी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान दिल्ली में चल रहे प्रोटेस्ट को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि यह अत्याचार है और आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों के घरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई और मारपीट की कोशिश की जा रही है। टिकैत ने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलनकारी भी पीछे नहीं हटेंगे। भाकियू प्रवक्ता ने कहा कि यदि आंदोलन में भाजपा के लोग मारपीट करने का काम करेंगे तो वे भी पीछे नहीं हटेंगे।आंदोलन को दबाने के लिए निजी लोगों का इस्तेमाल किया गया तो इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन अब और तेज होगा। टिकैत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग हिंदुओं के ठेकेदार न बनें। राकेश टिकैत के इस बयान से दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शन को लेकर सियासी और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज होने की संभावना है। उन्होंने आंदोलनकारियों के समर्थन में खड़े होने की बात कहते हुए स्पष्ट किया कि दबाव और मारपीट के जरिए आंदोलन को खत्म करने की कोशिशों का विरोध किया जाएगा।

