बागपत : 2027 का चुनाव जीतने को भाजपा कर सकती है सरकारी तंत्र का इस्तेमाल : राकेश टिकैत
बागपत। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भाजपा पर 2027 विधानसभा चुनाव में सरकारी तंत्र के इस्तेमाल के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशियों को डराकर चुनाव से हटाया जाएगा। उन्होंने पुरानी वाहनों की जब्ती का भी विरोध किया और राहत की मांग की।

बागपत। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बागपत पहुंचे राकेश टिकैत ने कहा कि 2027 चुनाव में भाजपा सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर चुनाव जीतने का प्रयास करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशियों को पुलिस और ईडी का डर दिखाकर चुनाव मैदान से हटाने का प्रयास किया जाएगा। टिकैत ने कहा कि भाजपा इस बार चुनाव में नए तरीके से काम करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया जो प्रत्याशी मजबूत होंगे और भाजपा के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं, उन्हें अलग-अलग जांच एजेंसियों और सरकारी कार्रवाई का डर दिखाकर चुनाव से दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने दिल्ली-एनसीआर में पुराने वाहनों के खिलाफ चल रही कार्रवाई का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि किसानों के पुराने वाहनों को इस तरह जब्त करना उचित नहीं है। बागपत में पुराने वाहनों पर कार्रवाई को लेकर पिछले दिनों किसान संगठनों ने एआरटीओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन भी किया था। टिकैत ने कहा कि सरकार को पुराने वाहनों के मामले में किसानों और आम लोगों को राहत देने के लिए कोई रास्ता निकालना चाहिए। उनका कहना है कि महंगाई के दौर में हर व्यक्ति के लिए नया वाहन खरीदना आसान नहीं है। पुराने वाहन किसान और मजदूर अपनी जरूरतों के लिए इस्तेमाल करते हैं。
देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह के परिवार से मिलने पहुंचे थे टिकैत
भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत शुक्रवार को बड़ौत पहुंचे थे। वह यहां खाप चौधरी सुरेंद्र सिंह के निधन के बाद उनके परिवार से मिलने और उन्हें सांत्वना देने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधानसभा चुनाव, विपक्ष और पुराने वाहनों पर हो रही कार्रवाई को लेकर अपनी बात रखी।

