रक्षा अनुसंधान में योगदान दे आईआईटी: राजनाथ
आईआईटी कानपुर के ‘ग्रेटर दैन अस’ कार्यक्रम में शरीक हुए रक्षा मंत्री नई

नई दिल्ली, एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि देश की रक्षा जरूरतों को पूरा करने और स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों को अपने शोध कार्यों को सेना की जरूरतों और उद्योग की मांग के अनुरूप तैयार करना होगा। दिल्ली में आईआईटी कानपुर के ‘ग्रेटर दैन अस’ फंडरेजिंग कैंपेन की शुरुआत के मौके पर उन्होंने सेना, डीआरडीओ, शैक्षणिक संस्थानों, रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रम और निजी उद्योग के बीच करीबी सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युद्ध के बदलते स्वरूप के बीच स्वदेशी तकनीकों के विकास और उन्हें अपनाने की गति बढ़ानी चाहिए।
आत्मनिर्भर भारत का विजन
राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार का आत्मनिर्भर भारत का संकल्प उसके विकसित भारत के विजन के केंद्र में है। इसका मकसद एक ऐसा तकनीकी रूप से सक्षम, आर्थिक रूप से प्रतिस्पर्धी, इनोवेटिव और आत्मविश्वास से भरा देश बनाना है, जो सिर्फ ज्ञान और तकनीक का उपभोक्ता न हो, बल्कि उनके निर्माण में सक्रिय योगदानकर्ता भी हो।
स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं का महत्व
केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करना रणनीतिक रूप से बहुत जरूरी है, क्योंकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिना पायलट वाले प्लेटफॉर्म, एडवांस्ड सेंसर, साइबर सिक्योरिटी और स्पेस-बेस्ड तकनीकें सैन्य तौर-तरीकों को बदल रही हैं। उन्होंने इस विजन को साकार करने में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के मजबूत संस्थानों के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि सरकार ने इस इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
आईआईटी कानपुर की रक्षा क्षेत्र में पहल
इस दिशा में की गई पहलों को स्वीकार करते हुए राजनाथ सिंह ने आईआईटी कानपुर के डीआरडीओ इंडस्ट्री-एकेडेमिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का विशेष रूप से जिक्र किया और संस्थान में स्कूल ऑफ डिफेंस टेक्नोलॉजीज स्थापित करने के प्रस्ताव का स्वागत किया।


