कृष्ण-राधा से रंगभूमि तक का प्रदर्शन पूरे भारत में हो : राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में कृष्ण-राधा से रणभूमि तक कार्यक्रम में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में आध्यात्मिकता और देश की संस्कृति की गहरी छाप पड़ेगी। उन्होंने शिक्षा प्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम बच्चों को उनके अस्तित्व और उद्देश्य के प्रति जागरूक करेंगे।

बोले- इससे युवाओं में आध्यात्मिकता की गहरी छाप पड़ेगी नई दिल्ली, एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को दिल्ली में कृष्ण-राधा से रणभूमि तक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम देश के हर कोने में होने चाहिए। इससे युवाओं के मन पर देश की संस्कृति, आध्यात्मिकता और मूल्यों की गहरी छाप पड़ सकती है।रक्षा मंत्री ने कहा कि आज की अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा हमारे बच्चों को इन सबसे काफी दूर ले जा रही है, लेकिन जब हमारे बच्चे इन कार्यक्रम देखेंगे तो निश्चित रूप से उनकी चेतना पर यह छाप पड़ेगी कि हमारा देश क्या है, हमारा भारत क्या है, आध्यात्मिकता क्या है, ईश्वर क्या है और इस पूरी दुनिया को चलाने वाला परम रचयिता कौन है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से बच्चों में यह स्वाभाविक समझ पैदा हो सकती है कि हमारा अस्तित्व क्यों है, हम कहां से आए हैं, हम कैसे हैं, हमारा मकसद क्या है और हम यहां कब तक रहेंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि जब कोई सैनिक देश की रक्षा के लिए सीमा पर खड़ा होता है तो उसके मन में यह इच्छा होती है कि अगर मातृभूमि की रक्षा करते हुए वह शहीद हो जाए तो उसे मोक्ष और ईश्वर की प्राप्ति होगी। रक्षा मंत्री ने कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की भी सराहना की। उन्होंने कहा, यह बहुत शानदार था।


