इंस्टाग्राम पर दोस्ती, दुष्कर्म और ब्लैकमेल कर ढाई लाख वसूले
इंस्टाग्राम पर दोस्ती, दुष्कर्म और ब्लैकमेल कर ढाई लाख वसूले
नरसेना थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती को हथियार बनाकर राजस्थान के एक युवक पर युवती से दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और करीब 2.5 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़िता नरसेना थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। करीब डेढ़ साल पहले उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए राजस्थान के दौसा जिले के ग्राम काच की ढाणी, कीरतपुरा अरनिया जिला दौसा निवासी अंकित सिंह राजपूत पुत्र सुरेंद्र सिंह राजपूत से हुई। पीड़िता का आरोप है कि फरवरी 2025 में आरोपी उसके गांव आया और बातों में फंसाकर खेत पर ले गया।
वहां पेस्ट्री में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने वीडियो और फोटो भी बना लिए। इसके बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को मथुरा, वृंदावन, नोएडा और दिल्ली बुलाया। वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में करीब 2.5 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन वसूल लिए। पीड़िता ने आगे बताया कि आरोपी ने उसे राजस्थान भी बुलाया और वहां भी जबरदस्ती की। इस दौरान उसका मोबाइल छीनकर डेटा डिलीट कर दिया। अब आरोपी लगातार धमकी दे रहा है कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो वीडियो और फोटो उसके परिजनों और सोशल मीडिया पर भेज देगा। थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम का कहना है पीड़िता की तहरीर के आधार पर राजस्थान निवासी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


