गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच स्पेशल ईएमयू चलेगी
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर रक्षाबंधन पर्व के दौरान भाई-बहनों की आवाजाही के लिए 27 और 28 अगस्त को विशेष राखी स्पेशल ईएमयू ट्रेन चलाई जाएगी। इस पहल से यात्रियों की संख्या में वृद्धि के चलते सफर करना आसान होगा, जिससे त्योहार की खुशी दोगुनी हो जाएगी। सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष प्रबंध भी किए जाएंगे।

गाजियाबाद, अमन वत्स। रक्षाबंधन पर्व पर भाई-बहनों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए रेलवे की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। त्यौहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए 27 और 28 अगस्त को गाजियाबाद स्टेशन से अलीगढ़ और अलीगढ़ से गाजियाबाद के बीच राखी स्पेशल ईएमयू ट्रेन का संचालन किया जाएगा। स्पेशल ट्रेन के चलने से रक्षाबंधन पर सफर करके जाने वाले भाई-बहनों को काफी सहूलियत होगी और उनके त्यौहार भी बेहतर तरीके से मन सकेगा। रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में बहनें भाइयों के घर पहुंचती हैं, जबकि कई भाई भी बहनों से राखी बंधवाने के लिए दूसरे शहरों का रुख करते हैं।
ऐसे में गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर रक्षाबंधन के आसपास भीड़ बढ़ जाती है। लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ लोकल ट्रेनों में भी भारी भीड़ रहती है। 28 अगस्त को रक्षाबंधन को देखते हुए रेलवे ने राखी स्पेशल ईएमयू के संचालन का निर्णय लिया है। गाजियाबाद स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक कुलदीप कुमार त्यागी ने बताया कि 27 व 28 अगस्त को राखी स्पेशल ईएमयू का संचालन किया जाएगा। गाड़ी नंबर 04412 गाजियाबाद स्टेशन से अलीगढ़ के बीच चलाई जाएगी। वहीं वापसी में गाड़ी नंबर 04411 अलीगढ़ स्टेशन से गाजियाबाद स्टेशन के बीच चलेगी। यह ट्रेन रास्ते में कई स्टेशन पर ठहर कर चलेगी। राखी स्पेशल ट्रेन चलने से पर्व पर भाई-बहनों को अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिलेगा। वहीं रक्षाबंधन को देखते हुए गाजियाबाद स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर मिनी कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़, ट्रेनों के संचालन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी।


