एनपीएस के विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने किया काली पट्टी बांधकर काम
डालटनगंज में रेलवे कर्मचारियों ने नई पेंशन नीति के विरोध में काली पट्टी बांधकर काम किया। ईसीआरईयू डालटनगंज की ओर से ब्लैक डे कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को पुनर्स्थापित करने की मांग की। कर्मचारी इस नए नियम से चिंतित हैं और संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। नई पेंशन नीति (एनपीएस) के विरोध में मंगलवार को डालटनगंज में रेलवे कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया। ईसीआरईयू डालटनगंज शाखा के तत्वावधान में डालटनगंज रेलवे स्टेशन परिसर में ब्लैक डे कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने एनपीएस समाप्त कर पूर्व की तरह पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने की मांग की। कार्यक्रम में रेलकर्मियों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर नई पेंशन व्यवस्था के प्रति विरोध जताया। कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना उनका अधिकार है। नई पेंशन नीति से कर्मचारियों के भविष्य और सेवानिवृत्ति के बाद की आर्थिक सुरक्षा को लेकर कई तरह की चिंताएं हैं।
उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के हित में ओपीएस बहाल करने की मांग की। ईसीआरईयू डालटनगंज शाखा के सचिव सचिन कुमार ने बताया कि हाजीपुर जोन के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों में मंगलवार को ब्लैक डे कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि ओपीएस की बहाली को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है और आगे भी अपनी मांग को मजबूती से उठाता रहेगा। रेल कर्मचारियों ने कहा कि एनपीएस के खिलाफ संगठन के सदस्य एकजुट हैं। जब तक पुरानी पेंशन योजना लागू नहीं की जाती, तब तक आंदोलन को विभिन्न माध्यमों से जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने एकजुटता के साथ अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।


