लोटापहाड़ में लूप लाइन बिछाकर यात्री ट्रेनों को समय से चलाने की तैयारी
टाटानगर और हावड़ा-मुंबई मार्ग पर यात्री ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए लोटापहाड़ के पास तीन लूप लाइन बिछाई जाएंगी। इससे मालगाड़ियों को मुख्य लाइन से हटाना आसान होगा। रेलवे ने लोटापहाड़ में 207 करोड़ का कार्य प्रबंधन किया है, जिसमें अन्य सुधार कार्य भी शामिल हैं। इससे ट्रेनों का संचालन बेहतर होगा।

टाटानगर समेत हावड़ा-मुंबई मार्ग पर यात्री ट्रेनों को समय से चलाने के लिए योजना से लोटापहाड़ के पास तीन लूप लाइन बिछेगी। चक्रधरपुर से पूर्व लूप लाइन बिछने से मालगाड़ियों को मुख्य लाइन से हटाकर खड़ी करने में रेलवे को सहूलियत होगी। इससे दक्षिण पूर्व जोन में 207 करोड़ से लोटापहाड़ में तीन लूप लाइन और 70 मीटर लंबी सिक लाइन बनाने का आदेश हुआ है। सिक लाइन पर खराब या मरम्मत की जरूरत वाले यात्री ट्रेनों के कोच या मालगाड़ियों को रखने से परिचालन सामान्य रखा जा सकता है। जानकार बताते हैं कि रेलवे ने टाटानगर से गम्हरिया तक सात लूप लाइन बनाने का सर्वे कराया है, जबकि आदित्यपुर से एनआईटी ब्रिज की ओर तीन स्टेबलिंग लाइन ट्रेनों की खाली कोच रखने के लिए बनाने का आदेश हुआ है।
वहीं, हल्दीपोखर और वीरभास को ब्लॉक स्टेशन और गोविंदपुर को टर्मिनल बनाने की तैयारी रेलवे में शुरू है। यार्ड विस्तार, सिग्नलिंग सिस्टम दुरुस्त करने के साथ ही ट्रेनों के प्रवेश एवं निकास को सरल बनाने के लिए रेलवे कई मुद्दे पर एक साथ काम कर रहा है, ताकि आने वाले दिनों में ट्रेनों को आउटर या किसी छोटे स्टेशन पर न रोकना पड़े। रेलवे अभी कांड्रा, मानिकुई, सीनी व अन्य स्टेशनों के आसपास नई लाइन समेत अन्य तरह के काम करा रहा है। इससे भविष्य में ट्रेनों सुरक्षित और समय से चलाने का सपना रेल मंडल में साकार होगा।

