रेलवे में नौकरी का झांसा देने का आरोपी गिरफ्तार
धनबाद, रेलवे स्टेशन पर टिकट काटने का झांसा देकर एक युवती और युवक से 64,700 रुपए ठगने के मामले में आरपीएफ ने एक आरोपी को पकड़ा। मंटू कुमार को सूरजभान ठाकुर के साथ संदिग्ध गतिविधियों के चलते गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने खुद को टीटीई बताया और मेडिकल सर्टिफिकेट भी बनवाया।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। रेलवे स्टेशन पर टिकट काटने की नौकरी देने का झांसा देकर पश्चिम बंगाल की युवती और बिहार के जमुई के युवक से 64 हजार 700 रुपए ठगने के मामले में आरपीएफ की टीम ने एक आरोपी को बुधवार की शाम पकड़ कर धनबाद थाने को सौंप किया। पकड़े गए ठग की पहचान पाथरडीह कोल वाशरी की भाटडीह बस्ती के मंटू कुमार के रूप में हुई।
आरोपी की गिरफ्तारी
मंटू बुधवार की शाम छह बजे बिहार के जमुई मलयपुर निवासी सूरजभान ठाकुर को लेकर डीआरएम कार्यालय पहुंचा। वह बार-बार सूरजभान को लेकर कॉमर्शियल विभाग की तरफ जा रहा था और उसे कुछ समझा रहा था। आरपीएफ जवान संजय कुमार को उनकी संदिग्ध गतिविधि देख कर संदेह हुआ तो उन्होंने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। आरपीएफ की सब-इंस्पेक्टर राधा कुमारी और एएसआई शशिकांत तिवारी ने मंटू और सूरजभान से पूछताछ की। पूछताछ में सूरजभान ने नौकरी लगाने का भेद खोल दिया। मंटू से कड़ाई से पूछने पर उसने बताया कि वह पहले सिंदरी में आउटसोर्सिंग एजेंसी की तरफ से टिकट काटने का काम करता था l
ठगी का खुलासा
टेंडर खत्म होने पर बेरोजगार बैठा था। पैसे की तंगी की वजह से उसने सूरजभान ठाकुर को झांसा देकर 18 हजार 700 रुपए ठगे। उसने खुद को टीटीई बताते हुए पश्चिम बंगाल की वर्दमान निवासी अल्पना राय से भी 46 हजार रुपए की ठगी की थी। दोनों का मेडिकल सर्टिफिकेट भी बनवाया था। दोनों से और पैसे ऐंठने के लिए वह उन्हें लेकर डीआरएम ऑफिस पहुंचा। सूरजभान के साथ उनके फूफा धनबाद के रांगाटांड़ की रेलवे कॉलोनी के दुर्गापाड़ा निवासी रंजन ठाकुर भी डीआरएम कार्यालय आए। धनबाद थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गुरुवार को उसे जेल भेजा जाएगा。


